समस्तीपुर। अंगारघाट थाना क्षेत्र के जिरात टोला में शनिवार रात अज्ञात अपराधियों ने, एक युवक को गोली मारकर इलाके में सनसनी फैला दी। घायल युवक की पहचान अंगारघाट जिरात टोला वार्ड संख्या 8 निवासी विशेश्वर राय के पुत्र राजेश कुमार के रूप में की गई है। गोली लगने के बाद युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9 बजे जिला टोला क्षेत्र में अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, जहां एक युवक को घायल अवस्था में पाया गया। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
उधर घटना की सूचना मिलने के लगभग 30 मिनट बाद ही सर्किल इंस्पेक्टर पिंकी प्रसाद घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जानकारी ली। इसके बाद वह तत्काल सदर अस्पताल समस्तीपुर भी पहुंची, जहां उन्होंने घायल युवक से पूछताछ की तथा घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी जुटाईं।
गोली राजेश कुमार के बांह में लगी है। चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। फिलहाल गोली मारने वाले अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है, साथ ही घटना के पीछे का कारण भी अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है, और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।








