समस्तीपुर। उजियारपुर थाना क्षेत्र के छतवारी गांव निवासी सुमन कुमार दास हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के गावपुर पंचायत स्थित छतवारी टोला निवासी भोला दास के पुत्र राजू दास तथा लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत के सरस्वती चौक निवासी, विश्वनाथ महतो के पुत्र अमन कुमार के रूप में की गयी है। उक्त जानकारी दलसिंहसराय डीएसपी ने दिया।
प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए दलसिंहसराय डीएसपी ने बताया कि, सुमना कुमार का शव मिलने के बाद मृतक की मां रंजन देवी ने उजियारपुर थाना को आवेदन देकर अपने पुत्र सुमन कुमार दास की हत्या का आरोप राजू दास, अमन कुमार तथा दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर लगाया था।
आवेदन में मृतक की मां ने बताया था कि, सभी सुमन को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए और उसकी हत्या कर शव को परवल के खेत में फेंक दिया। इस दौरान आवेदन में यह भी बताया गया था कि, मृतक की पत्नी प्रियंका कुमारी का अमन कुमार से पूर्व से ही जान-पहचान है, तथा दोनों के बीच अवैध संबंध भी है, साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि, मृतक के पास राजू दास का करीब 25 हजार रुपये बकाया था। जिसके कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
आवेदन प्राप्त होने के बाद उजियारपुर थाना प्राथमिकी दर्ज करते हुए, मामले की जांच शुरू कर दी गई, तथा जांच के क्रम में संदेह के आधार पर राजू दास और अमन कुमार को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। जहां पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
डीएसपी ने यह भी बताया कि, मामले में प्राप्त साक्ष्यों, तकनीकी जांच तथा आरोपियों से हुई पूछताछ के आधार पर, नामजद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, तथा आवेदन में नामजद दो अज्ञात आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
आपको बता दें कि, 04 जून की शाम बेलारी-गावपुर मार्ग स्थित एक परवल के खेत से सुमन कुमार दास का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था, तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। अब पुलिस द्वारा दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में महत्वपूर्ण खुलासा होने का दावा किया गया है।
हालांकि मामले की अंतिम सच्चाई न्यायिक प्रक्रिया और अदालत में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।









