समस्तीपुर। ताजपुर थाना क्षेत्र के राजधानी चौक स्थित चौधरी किराना स्टोर के संचालक नरेश चौधरी को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी, तथा आराम से भाग निकले। गोली लगने से घायल किराना दुकानदार घटनास्थल पर ही गिर पड़े। जिसे स्थानीय लोगों के द्वारा ईलाज के लिए ताजपुर के ही एक निजि अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से बेहतर ईलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना गुरूवार 11 जून की देर शाम की बतायी जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार नरेश चौधरी रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान दुकान के पास पहुंचे अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके बाएं हाथ में जा लगी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से घायल व्यवसायी को तत्काल ताजपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही ताजपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।







