समस्तीपुर/खानपुर: खानपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा मिल्की गांव की एक वृद्ध महिला ने, गांव के ही नौ लोगों समेत अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर जमीन विवाद को लेकर जानलेवा हमला करने, लूटपाट करने, मारपीट करने व निर्वस्त्र कर अपमानित करने, तथा लगातार धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए खानपुर थानाध्यक्ष को आवेदन देकर पुलिस प्रशासन से उक्त मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने व सुरक्षा की मांग की है।
घटना से संबंधित खानपुर थाना को आवेदन देते हुए पिड़िता ने बताया कि, 7 जून को वह अपने घर पर अकेली बैठी थीं। इसी दौरान जमीन संबंधी विवाद को लेकर आरोपित लोगों ने उनके घर पर आकर मारपीट करना शुरू कर दिया। जब उनके पुत्र चंद्र किशोर शर्मा और सुधीर शर्मा उन्हें बचाने पहुंचे तो, नामजद लोगों ने उनके साथ भी मारपीट करनी शुरू कर दी। जिसकी सुचना उन्होंने डायल नंबर 112 को दिया। सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को ईलाज के लिए, खानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
ईलाज कराने के बाद जब वहलोग अपने घर पहुंचे तो उसी दिन शाम में आरोपित पक्ष के लोग अपने अन्य साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर खानपुर स्थित उनकी दुकान पर पहुंच गए, तथा उनके दोनों बेटों को लाठी, डंडा, लोहे की रॉड, ईंट, चाकू और पिस्तौल के बट से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमले के दौरान आरोपितों ने उनके साथ भी अभद्रता की तथा सार्वजनिक रूप से निर्वस्त्र कर अपमानित किया। शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। भागने से पहले आरोपियों ने उनके पुत्र का लगभग 25 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन छीन लिया, दुकान में तोड़फोड़ की तथा गल्ले में रखे करीब 25 से 30 हजार रुपये नकद भी ले गए। घटना में घायल उनके पुत्र व उन्हें पुनः खानपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया।
पीड़िता ने यह भी बताया कि, है घटना के बाद आरोपित लगातार प्राथमिकी दर्ज नहीं कराने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने परिवार की जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।









