ऑपरेशन मुस्कान के तहत 6 लोगों को वापस मिला खोया मोबाइल, सिंहवाड़ा थाना में किया गया वितरण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सिंहवाड़ा/दरभंगा। बिहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत सिंहवाड़ा थाना पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया। इस अभियान के तहत कुल 6 व्यक्तियों को उनका खोया हुआ मोबाइल सिंहवाड़ा थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर एसडीपीओ सदर-02 ने बताया कि आम लोगों के खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार तकनीकी अनुसंधान और विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में विभिन्न स्थानों से बरामद किए गए मोबाइलों की पहचान कर उनके वास्तविक स्वामियों का सत्यापन किया गया, जिसके बाद उन्हें विधिवत उनके मोबाइल वापस किए गए।

मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने अपने खोए हुए फोन वापस मिलने पर खुशी जताते हुए सिंहवाड़ा थाना पुलिस एवं दरभंगा पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता और तकनीकी प्रयासों से यह संभव हो सका।

एसडीपीओ ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना में सूचना दें तथा आवश्यक आवेदन जमा करें, ताकि पुलिस तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की खोज कर सके। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटाना और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आगे भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा और बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सिंहवाड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *