श्री श्री 1008 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ परिसर में रात भर चलता रहा अश्लील व फूहड़ नृत्य का कार्यक्रम! अंगारघाट पुलिस सोती रही चैन की नींद

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता सगमा गांव में आयोजित, श्री श्री 1008 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के आड़ में हुई अश्लील नृत्यों का विडियो कार्यक्रम के 24 घंटा बाद बड़ी तेजी से वायरल होने लगा है।

क्षेत्र के चैता गांव में आयोजित एक महायज्ञ कार्यक्रम के दौरान नर्तकियों द्वारा कथित रूप से भद्दे एवं अशोभनीय नृत्य प्रस्तुत किया गया, जो आस्था के मंच पर कई सवाल खड़े करता है। वायरल हो रहे विडियो में कुछ ऐसे विडियो भी हैं,  जिनमें कम कपड़े पहने नर्तकियां मंच पर नृत्य करती दिखाई दे रही हैं। वहीं इस दौरान स्थानीय मुखिया पति सह पुर्व मुखिया कमलकांत राय सहित कुछ अन्य लोगों की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है।

स्थानीय बुद्धिजीवी लोगों का कहना है कि, धार्मिक आयोजन और महायज्ञ जैसे पवित्र कार्यक्रम की गरिमा को दरकिनार कर, सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर ऐसे  कार्यक्रम आयोजित करना, जिसमें मनोरंजन के नाम पर फूहड़ता परोसना कहां तक उचित है, जबकि उक्त कार्यक्रम को देखने बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं व बच्चे भी आए हुए थे। स्थानीय कुछ लोगों का कहना है कि, इस तरह का कार्यक्रम सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के विपरीत हैं। इस दौरान उनलोगों ने यह भी कहा कि, इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों में गांव की महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल होते हैं, ऐसे में इस प्रकार के नृत्य कार्यक्रमों का आयोजन उचित नहीं कहा जा सकता।

वायरल हो रहे वीडियो में बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ दिखाई दे रही है। यही नही! इस दौरान दर्शक दीर्घा में एक राजनितिक पार्टी के कई  नेता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इस भद्दे डांस का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी ने भी इसका विरोध नहीं किया। इससे लोगों के बीच विभिन्न प्रकार की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि कार्यक्रम वास्तव में महायज्ञ समिति के बैनर तले आयोजित किया गया था, तो आयोजकों को इसकी जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि धार्मिक आयोजन में इस प्रकार के कार्यक्रम की अनुमति किस आधार पर दी गई।

हालांकि, इस मामले में स्थानीय मुखिया पति कमलकांत राय अथवा अन्य संबंधित नेताओं का पक्ष अभी तक सामने नहीं आया है। वहीं दुसरी ओर क्षेत्र के बुद्धिजीवियों का मानना है कि, इस तरह के धार्मिक आयोजनों की पवित्रता बनाए रखने के लिए, आयोजकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए तथा ऐसे कार्यक्रमों से बचना चाहिए, जिनसे धार्मिक भावनाएं आहत हों या सामाजिक विवाद उत्पन्न हो।

वहीं इस संबंध में थानाध्यक्ष अंगारघाट का बताना है कि, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने का लाईसेंस यज्ञ आयोजक के द्वारा लिया गया था। हालांकि थानाध्यक्ष अंगारघाट ने यह भी बताया कि, सांस्कृतिक कार्यक्रम की आड़ में अश्लील व फूहड़ डांस नर्तकियों के द्वारा किया गया है या नही, इसकी सुचना उन्हें नही है। अगर इस तरह का कोई विडियो फोटो सामने आता है तो, उसकी जांच कराई जाएगी। मामला सत्य पाए जाने पर आयोजनकर्ता के विरुद्ध विधी सम्मत कार्रवाई भी की जाएगी।

विडियो खबर कुछ देर बाद प्रकाशित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *