
समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना अंतर्गत लखुआ पतैली गांव में मंगलवार 30 जून की अहले सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।
मृतक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के लखुआ पतैली गांव वार्ड संख्या-10 निवासी सुरेश चौरसिया के 18 वर्षीय पुत्र जगदीश कुमार चौरसिया के रूप में की गई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया तथा पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 6 बजे गांव के कुछ लोग शौच के लिए खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ से लटक रहे युवक के शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल उजियारपुर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर उजियारपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मृत्यू समीक्षा रिपोर्ट तैयार की गई तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया।
घटना के संबंध में मृतक के ग्रामीण दिनेश चौरसिया ने बताया कि सुबह खेत की ओर गए लोगों ने सबसे पहले पेड़ से लटकता हुआ शव देखा था। इसके बाद गांव में खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। उन्होंने बताया कि मृतक जगदीश कुमार गांव का ही रहने वाला था।
इधर, उजियारपुर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि एक स्थानीय युवक का शव पेड़ की डाली से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त होने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।








