
समस्तीपुर। जिले के चकमेहसी थाना अंतर्गत नामापुर गांव में, मंगलवार 07 जुलाई की देर रात करीब 10 बजे, अज्ञात बदमाशों ने जिले के पुलिसिया व्यव्स्था को खुली चुनौती देते हुए, कथित शराब धंधेबाज प्रभात चौधरी व उसके एक सहयोगी के उपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाते हुए मौत के घाट उतार दिया। घटना की जगह सुनसान रहने के कारण इस हत्याकांड की सुचना आसपास के लोगों तथा मृतक के परिजनों को भी काफी बिलंब से हुई।
उधर घटना की सुचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गयी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। उधर घटना की सुचना मिलने के बाद डीआईयु व एफएसएल टीम के साथ -साथ पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच आवश्यक कार्रवाई में जुटे हुए हैं। मृतक की पहचान चकमेहसी थाना क्षेत्र के चकहैदर गांव निवासी प्रभात कुमार चौधरी व सन्नी कुमार के रूप में की गयी है।
घटना के संबंध में स्थानीय सुत्रों का बताना है कि, मृतक प्रभात चौधरी विगत कई वर्षों से शराब कारोबार से जुड़ा हुआ था। जिसके कारण इस क्षेत्र में पुर्व से शराब कारोबार से जुड़े शराब धंधेबाजों से उसकी अदावत भी थी। करीब तीन साल पहले भी प्रभात चौधरी के उपर बदमाशों ने समस्तीपुर कोर्ट कैंपस में ताबड़तोड़ फायरिंग किया था, हालांकि उस घटना में प्रभात चौधरी बाल बाल बच गए थे।
उधर विश्वसनीय सुत्रों का बताना है कि, विगत कुछ दिनों पुर्व कल्याणपुर थाना क्षेत्र के समस्तीपुर दरभंगा मुख्य मार्ग स्थित एक लाईन होटल के पास मृतक कथित शराब धंधेबाज प्रभात कुमार चौधरी व एक अन्य स्कॉर्पिय सवार कुछ लोगों के साथ काफी तीखी बहसबाजी भी हुई थी, हालांकि कुछ देर बाद उक्त मामला शांत हो गया था, और सभी उक्त जगह से चले गए। कुछ लोग इस हत्याकांड को उक्त घटना से भी जोड़कर देख रहे हैं।
वहीं घटना के संबंध में सुत्रों का बताना है कि, अपराधियों ने इस हत्याकांड को ऐसे जगह पर अंजाम दिया जहां लोगों का आना जाना बहूत ही कम है। आखिर प्रभात चौधरी अपने साथी के साथ उक्त घटनास्थल पर करने क्या गया था ? फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर देर रात को ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। उधर घटना के बाद से ईलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
इसी बीच पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के कार्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा है कि, 7/8 जुलाई 2026 की रात चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर गांव के एक सुनसान ईलाके में, दो लोगों को गोली मारने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए चकमेहसी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, जहां दोनों की गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
मृतकों की पहचान चकमेहसी थाना क्षेत्र के निमाचक निवासी संजय चौधरी के पुत्र प्रभात चौधरी तथा मुकेश साह के पुत्र सन्नी कुमार के रूप में की गई है। प्रथम दृष्टया घटना का कारण आपसी वर्चस्व बताया जा रहा है। मृतक प्रभात चौधरी का पूर्व से आपराधिक ईतिहास की भी बातें सामने आ रही है, जिसकी जांच की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मिथिला क्षेत्र, दरभंगा के पुलिस उप-महानिरीक्षक, समस्तीपुर पुलिस अधीक्षक तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है, तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया गया है, एफएसएल एवं डीआईयू की टीम वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है, साथ ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 के नेतृत्व में गठित एसआईटी की टीम अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, साथ ही मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का उद्भेदन कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।








