
समस्तीपुर। जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब डायल-112 में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) बबलू कुमार प्रसाद का शव फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक एएसआई बबलू कुमार प्रसाद पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के निवासी बताए जाते हैं और वर्तमान में मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र में डायल-112 सेवा में पदस्थापित थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पटोरी एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी तथा सर्किल इंस्पेक्टर पवन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। वहीं स्थानीय लोगों के बीच भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।







