
समस्तीपुर। जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय भवन में संचालित पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के कार्यालय में पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर अरविन्द प्रताप सिंह के द्वारा ऑपरेशन मुस्कान के तहत मोबाइल बरामदगी व वितरण से संबंधित जानकारी साझा करने के उद्देश्य से शुक्रवार 07 अगस्त को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
आयोजित इस प्रेस वार्ता के दौरान ही गुम हुए, चोरी हुए व झपटमारी में गायब हुए मोबाइल को बरामद कर उनके वास्तविक धारक को उपलब्ध करा दिया गया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत करीब 22 लाख रुपये मूल्य के 89 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया गया। आयोजित इस प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर अरविन्द प्रताप सिंह ने बताया कि, अब तक अभियान के तहत करीब 4 करोड़ 46 लाख रुपये मूल्य के 1909 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर ने यह भी बताया कि, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) दुर्गेश दीपक एवं डीआईयू-सह-जिला स्तरीय नोडल पदाधिकारी धनंजय कुमार के नेतृत्व में, तकनीकी एवं आसूचना संकलन के आधार पर मोबाइल रिकवरी के लिए छह टीमों का गठन किया गया है। अभियान के तहत सदर-1 टीम ने 19, सदर-2 ने 18, दलसिंहसराय ने 27, रोसड़ा ने 11, पटोरी ने 12 और साइबर थाना टीम ने दो मोबाइल बरामद किए हैं।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर अरविन्द प्रताप सिंह ने यह भी बताया कि, दलसिंहसराय थाना के मोबाइल रिकवरी टीम की प्रभारी रिचा सिंह के नेतृत्व में कुल 15 मोबाइल तथा विद्यापतिनगर थाना टीम की प्रभारी अमृता राज के नेतृत्व में कुल 10 मोबाइल बरामद किए गए हैं। इसलिए इन दोनों पदाधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।
साथ ही ऑपरेशन मुस्कान की सफलता में तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए उनके इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें भी पुरस्कृत किया जाएगा। आपको बता दें कि, इससे पुर्व भी ऑपरेशन मुस्कान के तहत मोबाइल बरामदगी मामले में दलसिंहसराय थाना के मोबाइल रिकवरी टीम की प्रभारी ऋचा सिंह को सम्मानित किए जाने की घोषणा की जा चुकी है।







