जन संवाद में डीएम रोशन कुशवाहा ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, त्वरित कार्रवाई का दिया निर्देश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर।18 सितंबर 2026। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने शुक्रवार 18 सितम्बर को समाहरणालय सभागार में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जन संवाद के दौरान लोगों ने भूमि एवं राजस्व, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास, विद्युत और आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। डीएम ने आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की और मामलों का नियमानुसार निष्पादन करने को कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन संवाद में प्राप्त आवेदनों पर अनावश्यक विलंब किए बिना कार्रवाई की जाए। साथ ही, शिकायतों के निष्पादन के बाद आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जन संवाद के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि लोगों की शिकायतों का नियमानुसार समाधान हो सके तथा पात्र लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, राजस्व प्रभारी धर्मराज सहित अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *