समस्तीपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ, 2 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता अभियान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। शुक्रवार 18 सितम्बर। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत गुरुवार को समस्तीपुर जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने स्वच्छता कर्मियों के साथ स्वच्छता की शपथ लेकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, डीआरडीए निदेशक, जिला समन्वयक, सलाहकार सहित प्रखंड स्तरीय कर्मी उपस्थित रहे।

जिले में यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत विकसित भारत’ निर्धारित की गई है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की भागीदारी से स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना, सार्वजनिक स्थलों को गंदगी से मुक्त करना तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाना है।

सभी पंचायतों में चलाया जाएगा विशेष सफाई अभियान

अभियान के तहत समस्तीपुर जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत गंदगी के छोटे-बड़े स्थलों तथा स्वच्छता लक्षित इकाइयों (Cleanliness Target Units) को चिह्नित कर उन्हें स्वच्छ बनाया जाएगा।

इसके लिए सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ सरकारी एवं निजी कार्यालयों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों, धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों, हाट-बाजारों और जलस्रोतों की साफ-सफाई की जाएगी। सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित कर उनकी तस्वीरें स्वच्छता ही सेवा पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी।

स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण पर भी रहेगा जोर

अभियान के दौरान स्वच्छता कर्मियों के लिए विशेष सुरक्षा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से कर्मियों की स्वास्थ्य जांच, बीमा तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।

इसके साथ ही आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। लोगों को अपने घर, आसपास के परिवेश, गांव और मोहल्ले को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने की होगी पहल

अभियान के अंतर्गत प्लास्टिक कचरे से मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल दिया जाएगा। लोगों से जूट, कपड़े, कागज एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री से बने थैलों का उपयोग करने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा अपने घर और परिसर को साफ रखने की अपील की जाएगी।

इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर श्रमदान के माध्यम से सफाई अभियान चलाकर गांवों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।

निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश

जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड समन्वयकों को जिला स्वच्छता कार्यालय के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अभियान के दौरान सभी संबंधित स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अभियान का उद्देश्य प्रशासनिक प्रयासों के साथ जनभागीदारी को जोड़कर जिले में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ वातावरण का निर्माण करना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *