एसडीपीओ सदर -1 की ताबड़तोड़ कार्रवाई, युवती के साथ हुए दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल होने के 4 घंटे के अंदर चार आरोपी गिरफ्तार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। जिले के कर्पूरीग्राम थाना अंतर्गत जगतसिंहपुर बांध पर, युवती के साथ कुछ युवकों द्वारा कथित दुर्व्यवहार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के करीब 4 घंटा बाद समस्तीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, घटना में शामिल सभी चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरूवार की देर शाम करीब 9 बजे, जैसे ही वायरल वीडियो प्रभारी एसडीपीओ सदर -1 दुर्गेश दीपक के सामने आया, उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी, तथा तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से इकट्ठा किए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करते हुए, घटना में शामिल बताए जा रहे चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।

स्थानीय सुत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान, कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर वार्ड-1 निवासी, स्वर्गीय सुधीर शर्मा के पुत्र विकास कुमार शर्मा, जगतसिंहपुर वार्ड -2 निवासी, अरुण कुमार पासवान के पुत्र राहुल कुमार, तथा दो अन्य की पहचान अबधेश पासवान व रामबाबू सहनी के रूप में की गयी है। हालांकि मामले की जांच में जुटे पुलिस पदाधिकारी इस संबंध में फिलहाल कुछ भी बताने से परहेज करते देखे गए। पुलिस सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई जारी है, साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

एसपी कर सकते हैं प्रेस वार्ता

पुलिस सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के अनुसार, मामले को लेकर समस्तीपुर पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह आज किसी भी समय प्रेस वार्ता कर सकते हैं। प्रेस वार्ता में घटना, आरोपितों की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है। हालांकि, घटना से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की विस्तृत जानकारी और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

गिरफ्तार आरोपितों में शराब धंधेबाज भी है शामिल : स्थानीय सुत्रों का बताना है कि, गिरफ्तार आरोपितों में एक शराब धंधेबाज बदमाश युवक भी शामिल है। जिसके खिलाफ स्थानीय थाना में करीब आधा दर्जन मामले शराब से संबंधित दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *