
समस्तीपुर। वारिसनगर विधानसभा क्षेत्र के मथुरापुर निवासी, राजद नेता सह समाजसेवी जमशेद आदिल ने, जनता दल यूनाइटेड के नेता एवं बिहार सरकार के मंत्री, भगवान सिंह कुशवाहा की यादव समाज को लेकर कथित अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।
जमशेद आदिल ने कहा कि मंत्री का कथित बयान निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यादव समाज बिहार समेत देश के सामाजिक, कृषि, शिक्षा, खेल, सेना और राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। ऐसे में किसी समाज को लेकर अपमानजनक टिप्पणी सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि, बिहार महात्मा बुद्ध, सम्राट अशोक, जननायक कर्पूरी ठाकुर और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की धरती है। जहां सभी जाति-धर्म के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है, लेकिन किसी भी समाज, जाति या धर्म के प्रति अपमानजनक टिप्पणी सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं मानी जा सकती है।
इस दौरान जमशेद आदिल ने मांग किया कि, भगवान सिंह कुशवाहा अपने कथित बयान को लेकर यादव समाज और बिहार की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी मामले में संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी भी दिया है कि, यदि सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई तो यादव समाज के सम्मान के लिए आंदोलन किया जाएगा।







