तालाब किनारे श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश, पौधारोपण व कपड़े के थैले का वितरण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

पटोरी। सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत मंगलवार को जिला गंगा समिति, जिला प्रशासन समस्तीपुर एवं नगर परिषद शाहपुर पटोरी के संयुक्त तत्वावधान में अनुमंडल क्षेत्र में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीएसपी आवास के समीप वार्ड संख्या-11 स्थित तालाब के किनारे श्रमदान कर साफ-सफाई की गई।

कार्यक्रम के दौरान तालाब परिसर की सफाई के बाद पौधारोपण किया गया। डीपीओ नमामि गंगे नीरजेश कुमार ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा आसपास के लोगों को भी जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। इसके साथ ही प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत चंदन चौक पर आमलोगों के बीच कपड़े के थैलों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में नगर परिषद शाहपुर पटोरी के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी सुशांत मिश्रा, वार्ड संख्या-11 के वार्ड पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि सहित स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने तालाब के आसपास स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया।

अधिकारियों ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक करना है। जलस्रोतों में कचरा और प्लास्टिक नहीं डालने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *