
समस्तीपुर। आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए समस्तीपुर मंडल से जुड़ने वाली कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें नई दिल्ली, आनंद विहार, शकूरबस्ती एवं योगनगरी ऋषिकेश सहित विभिन्न गंतव्यों के बीच चलाई जाएंगी। इनमें कई ट्रेनें समस्तीपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों शाहपुर पटोरी, बरौनी, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज आदि से होकर गुजरेंगी।
आनंद विहार-जोगबनी स्पेशल: गाड़ी संख्या 04008 आनंद विहार-जोगबनी फेस्टिवल स्पेशल 10 अक्टूबर से 7 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। वापसी में 04007 जोगबनी-आनंद विहार स्पेशल 11 अक्टूबर से 8 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को परिचालित होगी। ट्रेन शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नवगछिया, कटिहार, पूर्णिया, अररिया कोर्ट और फारबिसगंज होते हुए चलेगी।
दिल्ली-सीतामढ़ी स्पेशल: गाड़ी संख्या 04010 दिल्ली-सीतामढ़ी स्पेशल 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। वापसी में 04009 सीतामढ़ी-दिल्ली स्पेशल 17 अक्टूबर से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल और बैरगनिया होते हुए सीतामढ़ी पहुंचेगी।
आनंद विहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल: गाड़ी संख्या 04028 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर फेस्टिवल स्पेशल 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को चलेगी। वापसी में 04027 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार स्पेशल 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को परिचालित होगी। ट्रेन हाजीपुर एवं सोनपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।
योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर स्पेशल: गाड़ी संख्या 04314 योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर स्पेशल 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। वापसी में 04313 मुजफ्फरपुर-योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। दोनों दिशाओं में हाजीपुर और सोनपुर सहित कई स्टेशनों पर ठहराव होगा।
नई दिल्ली-सुपौल स्पेशल: गाड़ी संख्या 04072 नई दिल्ली-सुपौल फेस्टिवल स्पेशल 1 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। वापसी में 04071 सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल 3 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन परिचालित होगी। यह ट्रेन हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा होते हुए चलेगी।
शकूरबस्ती-दरभंगा स्पेशल: गाड़ी संख्या 04098 शकूरबस्ती-दरभंगा स्पेशल 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। वापसी में 04097 दरभंगा-शकूरबस्ती स्पेशल 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन कमतौल, जनकपुर रोड, सीतामढ़ी, बैरगनिया, घोड़ासहन, रक्सौल, सिकटा, नरकटियागंज और बगहा होकर चलेगी।
दिल्ली-कामाख्या स्पेशल: गाड़ी संख्या 04076 दिल्ली-कामाख्या फेस्टिवल स्पेशल 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। वापसी में 04075 कामाख्या-दिल्ली स्पेशल 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। ट्रेन प्रयागराज, डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, बरौनी और कटिहार होते हुए चलेगी।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 04014/04013 आनंद विहार-लौकहा बाजार-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल का प्रतिदिन परिचालन किया जा रहा है। 04014 आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल 29 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी, जबकि 04013 लौकहा बाजार-आनंद विहार स्पेशल 30 नवंबर तक प्रतिदिन परिचालित होगी। यह ट्रेन झंझारपुर, सकरी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, बगहा और गोरखपुर के रास्ते चलेगी।
रेलवे के इस निर्णय से आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार एवं अन्य राज्यों के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध होगी और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।







