
समस्तीपुर। 2 अक्टूबर। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को, समाहरणालय सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में, ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का समापन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं स्वच्छता कर्मियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान देने वाले केवस निजामत एवं किशनपुर यूसुफ ग्राम पंचायत के मुखिया को विशेष स्वच्छता सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इसी क्रम में नमामि गंगे ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ विशेष अभियान का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। यह विशेष अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
जनभागीदारी से बना स्वच्छता अभियान
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता ही सेवा अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए सभी प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान, श्रमदान, हाट-बाजारों एवं धार्मिक स्थलों की सफाई तथा प्लास्टिक कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आमजनों, जनप्रतिनिधियों एवं स्वच्छता दूतों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जल स्रोतों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता में योगदान दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि, स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि सतत प्रक्रिया है। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों, प्रखंड एवं जिला स्तरीय कार्यालयों, धार्मिक स्थलों तथा हाट-बाजारों में प्रत्येक सप्ताह दो घंटे और वर्ष में 100 घंटे अनिवार्य रूप से सफाई अभियान एवं श्रमदान चलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, समस्तीपुर, अनुमंडल पदाधिकारी, समस्तीपुर, विशेष कार्य पदाधिकारी (OSD) अली एकराम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विष्णुदेव मंडल, डीआरडीए निदेशक आशुतोष आनंद, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मी उपस्थित रहे।







