
समस्तीपुर। ग्राहक सेवा केंद्र संचालक पर एक युवती ने दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना से संबंधित आवेदन भी पीड़िता ने महिला थाना को उपलब्ध करा दिया है। उधर आवेदन मिलते ही महिला थानाध्यक्ष प्रीति भारती मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी हैं।
महिला थाना को दिए आवेदन में पिड़िता ने बताया कि, वह कुछ दिनों पूर्व अपनी दादी को लेकर आरोपी के ग्राहक सेवा केंद्र पर, आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कराने गई थी। जहां ग्राहक सेवा केंद्र संचालक ने उसकी दादी को केंद्र के बाहर बैठा दिया, और उसे अपने साथ एक कमरे में ले गया, जहां उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
पीड़िता ने यह भी बताया कि, वह घर लौटने के बाद पुरी घटना की जानकारी उसने अपनी मां को दिया। इसके बाद उसकी मां ने दूसरे प्रदेश में रह रहे उसके पिता को इसकी सूचना दिया। जानकारी मिलने पर उसके पिता घर पहुंचे, और गांव के प्रबुद्ध लोगों को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद गांव में एक बैठक भी आयोजित की गई।
जिस बैठक में उक्त ग्राहक सेवा केंद्र संचालक स्वयं उपस्थित नहीं हुआ। इस दौरान पिड़िता ने यह भी बताया कि, ग्राहक सेवा केन्द्र संचालक ने अपने एक सहयोगी को भेजकर एक लाख रुपये लेकर मामले को रफा-दफा करने की बात कही। जिसके बाद वह अपने परिजनों के साथ समस्तीपुर महिला थाना पहुंची है और पुलिस से न्याय की गुहार लगायी है।
वहीं इस संबंध में आरोपित ग्राहक सेवा केंद्र संचालक का पक्ष जानने के लिए जब उनके मोबाइल नंबर- ××××××××34 तथा एक अन्य नंबर पर भी संपर्क करने की कोशिश की गयी तो, उनका मोबाइल स्वीच ऑफ रहने के कारण उनका पक्ष नही जाना जा सका।
इस संबंध में महिला थानाध्यक्ष प्रीति भारती ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है, जांच की जा रही है।








