
समस्तीपुर। जिले के पटोरी प्रखंड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय चकहबिब में, छात्राओं से शौचालय की सफाई कराने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। प्रधानाध्यापिका पर लगे आरोपों को लेकर सोमवार 2 नवम्बर को, आधे दर्जन बच्चे अपने अभिभावकों के साथ जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के जनता दरबार पहुंचे। जहां उन्होंने प्रधानाध्यापिका इंदु कुमारी के खिलाफ लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में चकसाहो पंचायत निवासी भारत राम सहित कई अभिभावकों ने आरोप लगाया कि, विद्यालय में पढ़ने वाली उनकी बच्चियों से नियमित रूप से शौचालय की सफाई कराई जाती थी। बच्चों की शिकायत के बाद जब वहलोग 24 अक्टूबर को विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापिका से इस संबंध में जवाब मांगा तो, प्रधानाध्यापिका ने उनके साथ विवाद किया तथा बिना अनुमति विद्यालय में प्रवेश करने की बात कहते हुए विद्यालय से चले जाने को कहा।
इस घटना के अगले दिन ही प्रधानाध्यापिका ने 25 अक्टूबर को उनके खिलाफ पटोरी थाने में एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करा दी। उनका कहना है कि बच्चों से शौचालय साफ कराने की शिकायत उठाने के बाद उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, बच्चों ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जब वह विद्यालय पहुंची तो, उन्हें धूप में घंटो खड़ा रखा गया। जिसके कारण वहलोग काफी भयभीत हैं, और अब विद्यालय जाने से भी कतरा रही हैं।
जनता दरबार में अभिभावकों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रधानाध्यापिका के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने, तथा विद्यालय में बच्चों के लिए भयमुक्त और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इस संबंध में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बताया कि, अभिभावकों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के लिए आवेदन जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







