
समस्तीपुर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुरलख चौक स्थित वार्ड संख्या 31 में, बालू-गिट्टी डिपो पर सो रहे एक व्यक्ति का शव, गुरूवार 26 नवम्बर की सुबह डिपो पर से ही मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिलने और आंख क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आने के बाद, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना बुधवार 25 नवम्बर की देर रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान धुरलख वार्ड संख्या 31 निवासी, जामुन पासवान के 40 वर्षीय पुत्र टिंकू पासवान के रूप में की गयी है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह एवं एसडीपीओ सदर-1 सतीश सुमन, पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए हैं।
डेढ़ करोड़ रुपये के विवाद में हत्या की आशंका
मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके पति प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। डेढ़ करोड़ रुपये के लेनदेन को लेकर प्रेम पासवान नामक व्यक्ति के साथ उनका विवाद चल रहा था। मृतक की पत्नी के अनुसार उनके चाचा की मौत हो गई थी, जिस कारण वह बुधवार 25 नवम्बर की सुबह अपने मायके चली गयीं थीं। इसी दौरान गुरुवार 26 नवम्बर की सुबह उन्हें पति की मौत की सूचना मिली। जब वह घटनास्थल पर पहुंचीं तो, उनके पति के पूरे शरीर पर चोट के निशान थे। यहां तक कि उनकी आंख भी क्षतिग्रस्त थी। पत्नी ने इन परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई है।
सुबह डिपो पर पहुंचे मजदूरों ने देखा शव
वहीं स्थानीय ग्रामीणों का बताना है कि, गांव में एक शादी समारोह था। जिस शादी समारोह में खाना खाकर टिंकू पासवान समस्तीपुर-गंगापुर मार्ग स्थित डिपो पर सोने चले गए थे। गुरुवार की सुबह जब डिपो पर काम करने वाले मजदूर पहुंचे तो उन्होंने टिंकू को बेड पर बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद मजदूरों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और टिंकू पासवान को एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और विभिन्न साक्ष्य एवं नमूने एकत्रित किए। पुलिस शव को पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। वहीं
इस संबंध में एसडीपीओ सदर-1 सतीश सुमन ने बताया कि, धुरलख गांव स्थित बालू-गिट्टी डिपो से टिंकू पासवान नामक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है, और एफएसएल टीम द्वारा भी साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।फिलहाल टिंकू पासवान की मौत हत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, डेढ़ करोड़ रुपये के कथित विवाद का मामला सामने आने के बाद पुलिस की जांच इस दिशा में भी केंद्रित हो गई है।








