कैंसर पीड़ित की मौत ने उजाड़ा परिवार, सरकारी योजनाओं से वंचित परिजनों की मदद को आगे आए राजू सहनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

उजियारपुर। रामचन्द्रपुर अंधैल पंचायत के चंदौली गांव स्थित वार्ड संख्या-12 में, कैंसर से पीड़ित रोहन सहनी के मौत के बाद उनके परिजन से मुलाकात करने समाजसेवी राजू सहनी उनके आवास पर पहुंचे, तथा उनके पुत्र को छह महीने की राशन सामग्री उपलब्ध कराई।

परिवार की स्थिति पर चिंता जताते हुए राजू सहनी ने बताया कि, मृतक के परिजनों के पास अपना निजि जमीन भी नहीं है। जिस स्थान पर उनका घर बना है, वह भी सरकारी जमीन है। उन्होंने कहा कि परिवार के मुखिया की मौत के बाद परिजनों के सामने जीवनयापन की चुनौती और बढ़ गई है। ऐसे जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए समाज के लोगों को आगे आने की जरूरत है।

गरीब परिवारों की समस्याओं पर जनप्रतिनिधियों से पहल की अपेक्षा

राजू सहनी ने क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों से अधिक सक्रियता दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गरीबों की समस्याओं को बार-बार उठाए जाने के बावजूद कई मामलों में अपेक्षित समाधान नहीं हो पाता है। उन्होंने महसारी पंचायत के वार्ड संख्या-5 में रहने वाले एक नेत्रहीन दंपती के जर्जर और गिरे हुए मकान का जिक्र करते हुए कहा कि, ऐसे परिवारों को ही सरकारी योजनाओं और सामाजिक सहयोग का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से जरूरतमंद परिवारों की स्थिति पर ध्यान देने का आग्रह किया।

संपन्न लोगों से ‘100 में 10 रुपये’ सहयोग की अपील

राजू सहनी ने उजियारपुर क्षेत्र के सामर्थ्यवान लोगों से अपील करते हुए कहा कि, वह अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की मदद करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास सौ रुपये भी है तो, उसमें से दस रुपये भी किसी गरीब परिवार की सहायता में लगाए जा सकते हैं। छोटी-छोटी पहल से ही सामूहिक सहयोग की बड़ी मिसाल कायम हो सकती है।

उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में समय लग सकता है, लेकिन जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक जागरूकता के लिए उनका अभियान जारी रहेगा। जब तक समाज के लोग एक-दूसरे के दुख-दर्द में सहभागी नहीं बनेंगे, तब तक मजबूत और सहयोगी समाज की कल्पना अधूरी रहेगी।

राशन सामग्री वितरण के दौरान मृतक की पत्नी तेतरी देवी, चंदौली के पूर्व मुखिया उमेश प्रसाद सहनी, पूर्व वार्ड सदस्य शोभा देवी, गणेश सहनी, भूपन सहनी, नवीन सहनी, प्रवीण सहनी, करण सहनी और रेखा देवी सहित कई स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *