अरविन्द कुमार/सत्यम मिश्रा/ समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले की नेशनल हाईवे बंगरा थाना की थानाध्यक्ष मनिषा कुमारी ने, एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, थाना क्षेत्र के एक घर में चोरी होने की सुचना मिलने के बाद, मात्र 72 घंटों के अंदर इस चोरी की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए, घटना में शामिल दो शातिर चोरों को भी गिरफ्तार कर लिया, तथा गिरफ्तार दोनों चोर की निशानदेही पर चोरी गयी सोने व चांदी के जेवरात भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार दोनों पेशेवर चोर की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के बेलारी गांव निवासी, राकेश साह के 22 वर्षिय पुत्र राजा कुमार व अरविन्द सहनी के 25 वर्षिय पुत्र श्रवण सहनी के रूप में की गयी है।

उक्त जानकारी एएसपी सह सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडे ने प्रेस वार्ता के दौरान दिया। प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ ने बताया कि, नेशनल हाईवे बंगरा थाना क्षेत्र के कोठिया गांव निवासी, शकीना खातून के घर में मंगलवार 30 जनवरी की रात को अज्ञात चोरों ने, एक चोरी की घटना को अंजाम देते हुए, पिड़िता के घर का ताला तोड़कर घर में रखी ज्वेलरी व इन्वर्टर के बैट्री की चोरी कर ली थी। जिसकी सुचना मिलते ही बंगरा थानाध्यक्ष मनिषा कुमारी ने घटना से संबंधित प्राथमिकी दर्ज करते हुए, उनके नेतृत्व में बनी टीम के साथ मिलकर, घटना से संबंधित अनुसंधान शुरू कर दिया। जिसके बाद थानाध्यक्ष मनिषा कुमारी ने, प्राप्त मानवीय आसुचना के आधार पर, घटना में शामिल चोरों की पहचान कर ली, तथा घटना कारित होने के मात्र 72 घंटों के अंदर, इस चोरी की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए, घटना में शामिल दोनों चोर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चोर की निशानदेही पर, चोरी की गयी सामानों में 2 जोड़ा चांदी का पायल, एक ब्रेसलेट, दो अंगूठी तथा चोरी की इस घटना में प्रयुक्त बाईक भी बरामद कर लिया। प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ सदर संजय कुमार पांडेय ने यह भी बताया कि, गिरफ्तार दोनों युवक पेशेवर चोर है। दोनों चोर पूर्व में भी उजियारपुर थाना, मुसरीघरारी थाना व ताजपुर थाना क्षेत्र से भी चोरी की घटना में दर्जनों बार जेल जा चुके हैं। एसडीपीओ श्री पांडेय ने यह भी बताया कि, गिरफ्तार दोनों चोर अलग अलग थाना क्षेत्रों में घुमकर पहले वह रेकी करते थे, और रेकी के दौरान जब कोई बंद घर इन्हे नजर आ जाता था तो, वह उसी घर को अपना निशाना बनाते थे। एसडीपीओ श्री पांडे ने यह भी बताया कि, इस चोरी की घटना के सफल उद्भेदन के लिए बनी टीम में बंगरा थानाध्यक्ष मनीषा कुमारी व उनकी टीम में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक अख्तर अंसारी, सिपाही दीपक कुमार तथा सिपाही कन्हैया कुमार का योगदान काफी सराहनीय व प्रशंसनीय रहा।







