अरविन्द कुमार/हलई: [ समस्तीपुर ] हलई ओपी क्षेत्र के इंद्रवाड़ा गांव के कंतू चौक पर, बुधवार 17 अप्रैल की देर रात करीब 11 बजे हुई भीषण सड़क हादसे में, बाईक सवार एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे डायल नंबर 112 की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से पटोरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए, बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार 18 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे, उक्त घायल युवक की मौत हो गई।

मृत युवक की पहचान हलई ओपी थाना अंतर्गत, इंद्रवाड़ा गांव स्थित वार्ड 8 निवासी महेश राम के 28 वर्षीय पुत्र, परमेश कुमार के रूप में की गई है। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद हलई ओपी पुलिस, इंद्रवाड़ा गांव पहुंच, मृत युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर, पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज मामले की छानबीन में जुट गई है। उधर हादसे के बाद बाइक चालक युवक, बाइक सहित घटनास्थल से भागने में कामयाब रहा। हालांकि बाइक चालक भी स्थानीय युवक ही बताया जा रहा है। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों का बताना है कि, मृतक इंद्रवाड़ा गांव के बाबा केवल स्थान में आयोजित होने वाले, राजकीय मेला देखकर देर रात करीब 11 बजे, वापस अपने घर आ रहा था। इसी दौरान उसके मोबाईल पर किसी का कॉल आया। जिससे बात करने के लिए वह गांव के ही कंतू चौक के पास, सड़क किनारे अपनी बाईक खड़ी करके फोन पर बात करने लगा। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित बाईक सवार युवक ने उसे ठोकर मार दी। जिसमें वह युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे डायल नंबर 112 की टीम ने ईलाज के लिए ताजपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। मृतक शादी शुदा था और उसे एक छोटी बच्ची भी है। मृतक मजदूरी करके अपना व अपने परिवार का भरन-पोषण करता था। इतने कम उम्र में उक्त युवक की मौत के बाद उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, साथ ही पुरे इंद्रवारा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।








