अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा/ताजपुर:[समस्तीपुर] ताजपुर नगर परिषद के वार्ड पार्षद अशोक राय के घर पर, उत्पाद विभाग की पुलिस के द्वारा, बिना कोई साक्ष्य के बार-बार छापामारी कर अपमानित करने के खिलाफ, गुरूवार 20 जून को, सर्वदलीय संघर्ष समिति के बैनर तले सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रतिरोध मार्च निकालकर उत्पाद पुलिस की कारवाई का विरोध किया। इस दौरान प्रतिरोध मार्च में शामिल लोगों ने, उत्पाद विभाग के पुलिस की मनमानी पर रोक लगाओ, उत्पाद पुलिस निर्दोष लोगों को परेशान करना बंद करो, वार्ड पार्षद अशोक राय के घर बार-बार छापेमारी क्यों-उत्पाद अधीक्षक जबाब दो, “उत्पाद पुलिस के भ्रष्टाचार पर रोक लगाओ, निर्दोष लोगों को पकड़कर पैसा लेकर छोड़ने का खेल बंद करो, आदि नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक से मार्च निकाला, जो नारेबाजी करते हुए दरगाह रोड, नीम चौक, अस्पताल रोड से गुजरते हुए अस्पताल चौक पर पहुंचकर मार्च सभा में तब्दील हो गया।

बतौर मुख्य वक्ता सभा को संबोधित करते हुए, भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि, आए दिन उत्पाद पुलिस की मनमानी, भ्रष्टाचार की कहानी सुनने को मिलती ही रहती है। दोषी को छोड़ दिया जाता है, तथा दोषी के आड़ में निर्दोष लोगों को पकड़कर उससे अवैध राशि की वसूली कर छोड़ देता है, वहीं कुछ लोग जो रिश्वत नही दे पाते हैं, उन्हें जेल भेज दिया जाता है। यदि कोई व्यक्ति शराब माफियाओं के खिलाफ शिकायत करता है, और उस शिकायत के आलोक में विभाग उक्त पुलिसकर्मी पर कारवाई करती है तो, वह पुलिसकर्मी शिकायतकर्ता को ही फंसाने की साज़िश रच देता है। सभा में मौजूद वार्ड पार्षद अजहर मिकरानी ने कहा कि, वार्ड पार्षद अशोक राय के यहां छापेमारी मामला तो और भी आश्चर्यचकित करने वाला है। करीब 5 बार उनके घर पर छापेमारी की गई, लेकिन कभी कुछ बरामद नहीं हुआ।

उन्होंने पुलिस की इस कारवाई को वार्ड पार्षद अशोक राय के छवि को खराब करने वाला एवं उन्हें अपमानित करने वाला कारवाई बताकर छापेमारी के दोषी पुलिस-प्रशासन पर कारवाई करने तथा आने वाले दिनों में निर्दोष लोगों को परेशान, तंग, तबाह करने पर रोक लगाने की मांग की है, अन्यथा आंदोलन तेज करने की घोषणा की है। मौके पर वार्ड पार्षद मुकेश कुमार मेहता, पार्षद संजय दास, पार्षद मोहम्मद आलम, पार्षद सोनू राय, पार्षद रवि शंकर राय, पार्षद अशोक चौधरी समेत भाकपा माले के संजीव राय, आसिफ होदा, मोहम्मद अबुबकर, मोहम्मद एजाज, शंकर महतो, राजद के दीपक लाल निरहुआ, कपिल राय, रंजीत सिंह, चंदन राय, शत्रुघन राय, सिकंदर राय समेत सैकड़ों की संख्या में महिला- पुरूष उपस्थित थे।







