
अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा:[समस्तीपुर] मुसरीघरारी थाना के अपर थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने, चकमेहसी थाना क्षेत्र से शनिवार 27 जुलाई को गायब हुई दो नाबालिग बच्चियों को बरामद करते हुए, 02 अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार कर, चकमेहसी पुलिस के हवाले कर दिया।
अपहरणकर्ताओं के चुंगल से बरामद किए गए दोनों नाबालिग बच्चियों की पहचान, चकमेहसी थाना क्षेत्र के मालीनगर डीह टोला निवासी, बजरंगी कुमार की 03 वर्षिया पुत्री अंजली कुमारी, तथा अरविन्द कुमार की 04 वर्षिया पुत्री आरती कुमारी के रूप में की गयी, तथा दोनों अपहरणकर्ताओं की पहचान चकमेहसी थाना क्षेत्र के मालीनगर डीह टोला निवासी, श्याम महतो के 18 वर्षिय पुत्र मोनू कुमार तथा स्वर्गीय गनौर पासवान के 40 वर्षिय पुत्र शत्रुधन पासवान के रूप में की गयी है।
चकमेहसी पुलिस ने बरामद दोनों बच्चे को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया, तथा दोनो अपराधकर्मी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उक्त मामले में जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ द्वितीय विजय कुमार महतो ने बताया कि, शनिवार 27 जुलाई को चकमेहसी थाना को आवेदन के माध्यम से यह सुचना मिली कि, थाना क्षेत्र के मालीनगर डीह टोला में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पर पढ़ने गयी 03 वर्षिया बच्ची अंजली कुमारी, व 04 वर्षिया बच्ची आरती कुमारी गायब हो गयी है।
सुचना मिलते ही थानाध्यक्ष चकमेहसी ने उक्त मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए उन्हे सुचना दी। सुचना मिलते ही उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक छापामारी दल का गठन कर दिया।
जिसके बाद उनके नेतृत्व में गठित इस छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारियों ने, प्राथमिकी दर्ज करने के महज 06 घंटों के अंदर, दोनों अपहृता बच्चियों को सकुशल बरामद करते हुए, घटना को अंजाम देने में शामिल दो अपराधकर्मी को भी गिरफ्तार कर लिया।
वहीं गिरफ्तार दोनों अपराधकर्मी से गहन पुछताछ के आधार पर, इस घटना के मुख्य साजिशकर्ता चकमेहसी थाना क्षेत्र के मालीनगर डीह टोला निवासी, श्याम महतो की 45 वर्षिया पत्नी सीमा देवी को भी गिरफ्तार कर लिया गया, तथा आवश्यक पुछताछ के बाद गिरफ्तार तीनों अपराधकर्मी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वहीं पुलिस सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुसरीघरारी के अपर थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार अपने थाना क्षेत्र में दिवा गश्ती में थे। इसी दौरान थाना क्षेत्र के बथुआ बुजुर्ग गांव स्थित, हनुमान मंदिर के पास दो लोगों को दो बच्ची के साथ संदिग्ध अवस्था में चहलकदमी करते हुए देखा। जिसके बाद अपर थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने, दोनों संदिग्धों से पुछताछ शुरू कर दिया।
पुछताछ के दौरान संतोषजनक जबाब नही पाए जाने पर, उन्होंने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेते हुए थाने ले आए, तथा संदिग्धों के द्वारा बताए गए पते की सत्यापन के लिए, तथा उसके पास से बरामद दोनों बच्चियों के बारे में जानकारी देने के लिए, जब वह चकमेहसी पुलिस को सुचित किए, तब जाकर पता चला कि, दोनों बच्चियों के अपहरण किए जाने का आवेदन चकमेहसी थाना को दिया गया है।
उधर जानकारी मिलते ही चकमेहसी पुलिस मुसरीघरारी थाना पहुंच गयी। जहां मुसरीघरारी थाना के अपर थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने दोनों बच्चियों समेत दोनों अपराधकर्मी को सकुशल चकमेहसी पुलिस के हवाले कर दिया।
मौके पर अपर थानाध्यक्ष मुसरीघरारी शैलेन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष चकमेहसी दिव्य ज्योति कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक शंभु कुमार सिंह, चकमेहसी थाना के सिपाही मोहम्मद नईमुद्दीन, नागेन्द्र कुमार व मोहित कुमार भारती आदि मौजूद रहे।







