अरविन्द कुमार/अमित कुमार:[ उजियारपुर] उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचलाधिकारी कार्यालय के समक्ष, भाकपा-माले उजियारपुर प्रखंड कमिटी के द्वारा, सभी गरीब परिवारों को दो दो लाख रुपए देने, भूमिहीन परिवारों को 5 डिसमिल आवासीय जमीन एवं पक्का मकान देने, दलसिंहसराय के भ्रष्ट एवं कमिशनखोर डीसीएलआर एवं उजियारपुर सीडीपीओ को बर्खास्त करने, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने, 200 यूनिट फ्री बिजली देने, मनरेगा में करोड़ों रुपए की अनियमितता एवं घोटाले की जांच कर कार्रवाई करने, सभी लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने, उजियारपुर एमओ के द्वारा सभी जनवितरण दुकानदारों से चावल और गेहूं के प्रति बोरा 20 रूपए की अवैध वसुली की जांच कर समुचित कार्रवाई करने, जीविका दीदियों एवं स्वयं सहायता समूहों का लोन माफ करने सहित, अन्य मांगों को लेकर विराट धरना-प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सड़क पर करीब 5 सौ मीटर का दायरा आंदोलनकारियों से पटा रहा। जहां से हजारों की संख्या में आंदोलनकारी, निकलो अब मकानों से – जंग लड़ो बेईमानों से, दो दो लाख रुपए देने होंगे, मोदी – नीतीश अपना वादा पूरा करो, वास-आवास के लिए 5 डिसमिल जमीन देना होगा आदि, गगनभेदी नारे लगाते हुए अंचल कार्यालय पहुंचे, जहां पहुंचकर यह मार्च एक सभा में तब्दील हो गया।

आयोजित इस सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले नेता महावीर पोद्दार ने कहा कि, प्रधानमंत्री के 15 लाख देने की घोषणा के तरह, मुख्यमंत्री के दो दो लाख रुपए देने की घोषणा को जुमला साबित नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अपना किया हुआ वादा और घोषणा को पूरा करे, अन्यथा भाकपा माले इस जनसंघर्ष को और भी तेज करेगी।

इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि, भ्रष्ट और कमीशनखोर डीसीएलआर तथा सीडीपीओ, एवं एमओ से सुशासन का राज नहीं आ सकता है। इसलिए ऐसे भ्रष्ट पदाधिकारी को सरकार जल्द से जल्द बर्खास्त करे। वहीं सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले नेता फूलबाबू सिंह ने कहा कि, मनरेगा योजना में करोड़ों रुपए का फर्ज़ीवाड़ा ही नहीं घोटाले भी हुए हैं।

इसलिए इस घोटाले से संबंधित सभी योजनाओं की जांच कर, इनमें संलिप्त दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान उन्होंने बताया कि, स्मार्ट मीटर एक धोखा है, और इसका बहिष्कार किया जाएगा। भाजपा सरकार देश में कम्पनी राज स्थापित करना चाहती है। जिसे जनसंघर्ष के माध्यम से बेनकाब किया जाएगा।
सभा को प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान, समीम मंसुरी, फिरोजा बेगम, अर्जुन दास, तनंजय प्रकाश, मोहम्मद फरमान, दिलीप कुमार राय, राहुल राय, राम भरोस राय, शंकर प्रसाद यादव, विजय राम, पप्पू यादव, रामबली सिंह, जफर अंसारी, फूलपरी देवी, राज कुमार पाल, गंगा प्रसाद पासवान सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।








