अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा:[मुसरीघरारी] मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव स्थित, एनएच-28 के किनारे संचालित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय फतेहपुर में, पढ़ने जा रही स्थानीय गांव की तीन बच्चियों को अनियंत्रित ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। जिससे 2 बच्चियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, तथा एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गयी।

वहीं घटना के बाद उक्त अनियंत्रित ट्रक एनएच किनारे जाकर पलट गयी। स्थानीय लोगों को जैसे ही घटना की सुचना मिली, सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर उमड़ पड़े। घटनास्थल पर पहुंचे घायल बच्ची के परिजनों ने तत्काल उसे ईलाज के लिए, मुसरीघरारी के एक निजि क्लिनिक में भर्ती कराया। जहां उसका ईलाज जारी है।
वहीं घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने एनएच 28 को जाम कर दिया, तथा घटनास्थल पर ब्रेकर बनाने, मृत बच्ची के परिजनों को उचित मुआवजा देने, घायल बच्ची का सरकारी स्तर से ईलाज करवाने की मांग करने लगे। वहीं घटना की सुचना मिलने के बाद मुसरीघरारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज मामले की छानबीन में जूट गयी है।
मृत स्कूली बच्चों की पहचान, मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर वार्ड 8 निवासी, ब्रह्मदेव सिंह की 10 वर्षीया पुत्री स्वाति प्रिया, तथा राजेश कुमार साह की 11 वर्षिया पुत्री कृतिका मौसम के रूप में की गयी है। जबकी घायल बच्ची की पहचान फतेहपुर वार्ड 8 निवासी, कृष्णदेव सिंह की 13 वर्षिया पुत्री मीना कुमारी के रूप में की गयी है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत दोनों बच्चियां अपने एक अन्य साथी के साथ, बारिश में ही स्कूल जा रही थी। इसी दौरान ताजपुर की तरफ से आकर दलसिंहसराय की ओर जा रही तेज गति ट्रक ने, तीनों स्कूली बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके बाद दो बच्चियों की मौत घटनास्थल पर हीं हो गयी, तथा एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गयी।
जिसका ईलाज एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। वहीं बच्चों को ठोकर मारने के बाद ट्रक एनएच-28 किनारे 10 फीट नीचे गड्ढ़े में चली गयी। घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक की जमकर पिटाई कर दी। जिसमें ट्रक चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
हालांकि मौके पर मौजूद कुछ बुद्धिजीवियों ने, ट्रक चालक को भीड़ से बाहर निकालकर घायल अवस्था में ईलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया है। वहीं घटनास्थल पर पहुंचे ताजपुर बीडीओ, मुसरीघरारी थानाध्यक्ष, भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, आइसा के राजू कुमार, स्थानीय मुखिया विश्वनाथ प्रसाद सिंह, पूर्व मुखिया विष्णुदेव प्रसाद सिंह, सरपंच वीरचंद्र सिंह, पैक्स अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, जिला पार्षद मंजू देवी, ऐपवा नेत्री बंदना सिंह आदि के पहल पर, अनुमंडलाधिकारी से टेलीफ़ोनिक वार्ता कर, एक सप्ताह के अंदर घटनास्थल के पास ब्रेकर बनवा देने, बीडीओ द्वारा मृतक के परिजनों को मौके पर ही 20-20 हजार रूपये का चेक दिलवा देने, तथा अन्य राशि का भुगतान का प्रक्रिया शुरू किये जाने के बाद जाम समाप्त कराया गया।
वहीं मौके पर मौजूद छात्र संगठन आइसा के राजू कुमार ने कहा कि, विगत कुछ महीनों में प्रशासन की लापरवाही के कारण, जिले के खानपुर, कल्याणपुर, ताजपुर व दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में भी इस तरह की घटना हो चुकी है। श्री कुमार ने प्रशासन से मांग किया है कि, तमाम स्कूल- कालेज के पास स्लो ब्रेकर बनबाया जाए, विद्यालय हैं, बच्चे हैं का बोर्ड लगाने, भीड़ भाड़ वाला क्षेत्र में स्पीड लिमिट आदि का बोर्ड लगाकर सड़क हादसा पर लगाम लगायी जाये अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।







