अरविन्द कुमार/अमित कुमार:(समस्तीपुर) उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल व प्रखंड कार्यालय के समक्ष सोमवार 30 सितम्बर को, भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने हक दो -वादा निभाओ अभियान के तहत, बड़ी संख्या में एकजुट होकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोग साम्प्रदायिक फांसीवादी शक्तियों को शिकस्त दो, जमीन, आवास, और दो लाख रुपये की लड़ाई में सभी गरीबों को जोड़ दो का नारा लगाकर अपनी एकजुटता का परिचय दे रहे थे।

प्रदर्शन के दौरान हो रही बारिश के पानी में भींगते हुए सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए, केन्द्रीय कमेटी सदस्य मंजू प्रकाश ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली भाजपा -जदयू की सरकार सामाजिक -आर्थिक रुप से पिछड़े परिवारों के गरीबी का मजाक उड़ा रही है।
जाति आधारित गणना के रिपोर्ट के अनुसार 9433312 परिवारों को प्रति परिवार दो-दो लाख आर्थिक सहायता देने का विधेयक विधानसभा से पारित कराने के बावजूद, 72 हजार रुपए से कम का आय प्रमाण-पत्र की मांग किया जा रहा है, जबकि बड़ी संख्या में गरीबों को गरीब होने का प्रमाण पत्र अंचलाधिकारियों के द्वारा निर्गत नहीं किया जा रहा है।
वहीं भाकपा माले जिला स्थायी कमेटी सदस्य फूलबाबू सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, पहले से उपभोक्ताओं के घर में लगाई गई इलेक्ट्रॉनिक मीटर से दुगुना स्मार्ट प्रीपेड मीटर के जरिए लोगों का खून नीतीश सरकार चुसवा रही है। उन्होंने दिल्ली – पंजाब की तर्ज पर बिहार में सभी परिवारों को 200 यूनिट फ्री बिजली देने का मांग किया।
साथ ही उजियारपुर मनरेगा पदाधिकारी के मिलीभगत से मनरेगा में फर्जी मजदूरों के नाम पर बड़े पैमाने पर अवैध निकासी, पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को मनरेगा से मिलने वाली मज़दूरी का गबन, पशु शेड, सोखता निर्माण में अवैध निकासी की जांच ग्रामीण विकास विभाग बिहार, पटना से कराने का मांग किया।
माले नेता महावीर पोद्दार ने सरकारी जमीन पर रह रहे गरीब भूमिहीन परिवारों को 5 डिसमिल आवासीय जमीन देने एवं सभी पंचायतों में सरकारी जमीन की सूची को तत्काल सार्वजनिक करने का मांग किया। पार्टी के जिला सचिव उमेश कुमार तथा जिला स्थायी कमेटी सदस्य ललन कुमार ने कहा कि, जमीन का सर्वे बिहार सरकार बगैर तैयारी का करवाने जा रही है।
जबकि रजिस्टर टू में किसी भी रैयतों का खाता खेसरा दर्ज नहीं है। परिमार्जन के नाम पर किसानों से अवैध वसूली की जा रही है। इस दौरान श्री पोद्दार ने यह भी कहा कि, इसके अलावे पुराने बिजली बिल माफ करने, जन्म -मृत्यु प्रमाण-पत्र देने के बदले अवैध वसूली पर रोक लगाने, आंगनवाड़ी सेविकाओं से नाजायज वसूली पर रोक लगाने, टेक होम राशन का नियमित वितरण करने, जनवितरण प्रणाली के तहत अन्त्योदय उपभोक्ताओं को 35 किलो राशन देने, राशन कार्ड की सूची से नाम हटाने पर रोक लगाने सहित जनहित से जुड़े अन्य समस्याओं को लेकर भाकपा-माले का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान, शमीम मंसूरी, तनंजय प्रकाश, अर्जुन दास,मोहम्मद फरमान, सुशील कुमार सिंह, रोहित कुमार पासवान, अर्जुन दास, पप्पू कुमार यादव, अमरजीत पाल, राजकुमार पाल, रामप्रीत सहनी, निर्धन शर्मा, जागेश्वर राय, संजीत कुमार पंडित, मोहम्मद शकूर आदि ने किया।







