अरविन्द कुमार/अमित कुमार:( कल्याणपुर) जिले के कल्याणपुर थाना अंतर्गत मुक्तापुर गांव में बाईक सवार बदमाशों ने, एक प्रॉपर्टी डीलर सहित दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी तथा आराम से भाग निकले। एक साथ दो लोगों की हुई इस हत्या से ईलाके में सनसनी फैली हुई है। घटना शनिवार 21 दिसम्बर की दोपहर करीब 1 बजे की बतायी जा रही है।

उधर घटना की सुचना मिलते ही जिला पुलिस कप्तान समस्तीपुर अशोक मिश्रा, एएसपी सह सदर एसडीपीओ वन संजय कुमार पांडेय, कल्याणपुर थानाध्यक्ष, मथुरापुर थानाध्यक्ष, वारिसनगर थानाध्यक्ष, नगर थानाध्यक्ष सहित करीब सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं।
मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के गुदरी बाजार वार्ड 23 निवासी, स्वर्गीय विश्वनाथ गुप्ता के 50 वर्षिय पुत्र विजय कुमार गुप्ता व ई रिक्शा चालक अंगारघाट थाना क्षेत्र के डढ़िया मुरियारो गांव निवासी, जुगेश्वर सहनी के 40 वर्षिय पुत्र गणेश कुमार सहनी के रूप में की गयी है।
वहीं स्थानीय सुत्रों का बताना है कि, घटना के समय मृतक विजय कुमार गुप्ता के साथ सुधीर मधान नाम का एक और व्यक्ति भी था, जो गोलीबारी के समय भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
बदमाशों की संख्या तीन बतायी जा रही है, जो एक ही बाईक पर सवार होकर घटनास्थल पर पहुंचे थे। उधर घटना के बाद घटनास्थल पर पहुंची स्थानीय पुलिस बल ने दोनों मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर, पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज मामले के अनुसंधान में जुट गयी है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक विजय कुमार गुप्ता और उनके एक साथी सुधीर मधान जमीन का कारोबार करते हैं। घटना के समय भी वह कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुक्तापुर गांव में जमीन देखने गणेश कुमार सहनी के ई रिक्शा में सवार होकर गए थे।
जहां से जमीन देखकर लौट रहे थे। उसी दौरान एक ही बाईक पर सवार तीन की संख्या में बदमाश आए और ई रिक्शा को रोका, तथा रूकते ही एक बदमाश बाईक से नीचे उतरा और विजय कुमार गुप्ता के मुंह में पिस्टल डालकर गोली मार दी।
इसी दौरान ई रिक्शा चालक ने दोनों का बीच-बचाव करना शुरू कर दिया। जिसके बाद बदमाशों ने उसे भी गोली मार दी। हालांकि अपराधियों से अपने आपको बचाते हुए सुधीर मधान नाम का व्यक्ति घटनास्थल से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए एएसपी सह एसडीपीओ सदर वन संजय कुमार पांडेय ने बताया कि, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुक्तापुर गांव में बाईक सवार बदमाशों ने एक जमीन कारोबारी तथा एक ई रिक्शा चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है। घटना में शामिल सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर बहूत जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।







