समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना अंतर्गत महथी गांव में, कुछ दबंग प्रवृति के लोगों ने एक दलित परिवार के लोगों को मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जिसे स्थानीय लोगों के सहयोग से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उजियारपुर में ईलाज के लिए भर्ती कराया गया।

जिसकी गंभीर हालत को देखते हुए, ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया। जहां उक्त दलित परिवार का ईलाज किया जा रहा है। इस मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल लोगों की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के महथी गांव निवासी, सुरेश राम की 35 वर्षिया पत्नी ललिता देवी व सुरेश राम के 19 वर्षिय पुत्र अंकित कुमार राम के रूप में की गयी है।
घटना शनिवार 12 अप्रैल की शाम करीब 05:00 बजे की बतायी जा रही है। इस मारपीट की घटना के दौरान दबंगों की दबंगई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि, उस दलित परिवार के साथ इतने बुरी तरीके से मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है कि, उक्त लड़के के पैर की हड्डी तक टूट गयी है।
जिसके कारण वह महीनों तक अपने पैरों पर खड़ा नही हो पाएगा। घटना के संबंध में घायल युवक का बताना है कि, वह लोग भूमिहीन दलित परिवार से आते हैं। घटना के दिन शाम करीब 5 बजे वह अपने मां के साथ मजदुरी करने गांव के ही चौड़ में, घर से करीब 200 मीटर की दुरी पर गेहूं काटकर थ्रेशर मशीन से गेहूं का दौनी करवा रहा था।
इसी दौरान अचानक से गांव के ही कुछ दबंग प्रवृति के लोग आए, और गेहूं का भुसा उनके खेत में जा रहा है बोलकर उन्हें व उनकी मां के उपर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाने लगे। जिसमें उनका पैर टूट गया तथा उनकी मां को गंभीर चोटें आ गयी। घटना के बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 पर कॉल किया, लेकिन सुचना देने के करीब 1 घंटा बाद पहुंची डायल 112 की टीम ने, उनलोगों को सहायता नहीं पहुंचाकर, सरकारी अस्पताल में ईलाज करवाने से रोकने लगी, तथा निजि अस्पताल में ईलाज कराने का सलाह देने लगी, तथा मारपीट करने वाले व्यक्ति से बातचीत कर वापस चली गयी।
बाद में पैर टूटा हुआ रहने के बावजूद वह ईलाज कराने पीएचसी उजियारपुर पहुंचे, जहां से उन्हें सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया गया है। जहां उनके पैर पर प्लास्टर चढ़ा है, तथा उनकी मां भी ईलाज किया जा रहा है।








