???? बिग ब्रेकिंग: उजियारपुर में मुखिया की दादागिरी आई सामने! दलित महिला व उसके बेटे की कर दी बेरहमी से पिटाई

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिला अंतर्गत उजियारपुर थाना क्षेत्र में एक मुखिया की दबंगई एक बार फिर सामने आयी है। जहां थाना क्षेत्र के एक मुखिया द्वारा एक नाबालिग किशोर व उसके मां की बेरहमी से पिटाई कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है।

घटना शनिवार 17 मई की सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। हालांकि घटना से संबंधित आवेदन मिलने के तुरंत बाद उजियारपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने, उक्त आवेदन के आलोक में तत्काल नामजद आरोपित मुखिया चंद्रशेखर चौरसिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए अग्रेतर कार्रवाई में जूट गये हैं।

घटना के संबंध में उजियारपुर थाना को दिए गए आवेदन में, पतैली वार्ड 08 निवासी बबलू पासवान की 33 वर्षिया पत्नी कौशल्या देवी ने बताया है कि, उनके घर के सामने उनके ग्रामीण सह पतैली पंचायत के मुखिया चंद्रशेखर चौरसिया का बगीचा है। उसी बगीचा के दुसरे तरफ वह बच्चन चौरसिया के खेत में बटाईदार के तौर पर खेती करती हैं।

घटना के दिन शनिवार 17 मई की सुबह करीब 10 बजे उनका बेटा उक्त खेत की देख रेख कर घर वापस आ रहा था। इसी बीच ज्यादा धूप रहने के कारण उनका बेटा चंद्रशेखर चौरसिया के बगीचा मे बैठ गया। उसी समय चंद्रशेखर चौरसिया अपने बगीचा मे आया और, उनके बेटा को गाली देते हुए लाठी डंडे से मारपीट कर जख्मी कर दिया।

जानकारी मिलने पर जब वह बगीचा में पहुंची तो देखा कि चंद्रशेखर चौरसिया उनके बेटे को लाठी डंडे से बुरी तरह पीट रहा है। जिसके बाद उन्होंने चंद्रशेखर चौरसिया का पैर पकड़ लिया, तथा बेटे को छोड़ने की गुहार लगाने लगी, लेकिन चंद्रशेखर चौरसिया ने उनके बेटे को छोड़ने के जगह पर उन्हें ही जातिसूचक गाली देते हुए, लात जूतों से मारना पीटना शुरू कर दिया।

शोरगुल सुनकर जब आसपास के लोग घटनास्थल पर जुटने लगे तो चंद्रशेखर चौरसिया उन्हें धमकी देते हुए भाग गया। जिसके बाद उन्होंने अपना व अपने बेटे का ईलाज सदर अस्पताल समस्तीपुर में करवाकर उजियारपुर थाना को आवेदन दिया है। वहीं इस संबंध में उजियारपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह का बताना है कि, उक्त मामले में आरोपित मुखिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है, तथा अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *