समस्तीपुर। जिले के दलसिंहसराय अनुमंडल अंतर्गत उजियारपुर प्रखंड कार्यालय के समक्ष, भाकपा-माले उजियारपुर प्रखंड कमेटी के तत्वावधान में, खाद्यान्न की कालाबाजारी पर रोक लगाने, राज्य खाद्य निगम गोदाम के ठेकेदार की अनुज्ञप्ति रद्द करने, सहायक गोदाम प्रबन्धक रवि कुमार एवं सहकारिता पदाधिकारी को बर्खास्त करने, कम राशन आवंटन एवं वितरण की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने,

पक्का वजन में राशन का वितरण करने, गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न का वितरण करने, ध्वस्त नल-जल योजना को दुरुस्त करने, दाखिल खारिज में अवैध वसूली पर रोक लगाने, सरकारी दर पर धान की खरीदारी करने, किसानों को रासायनिक खाद उपलब्ध कराने एवं खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, किसानों एवं महिलाओं के सभी प्रकार के कर्ज माफ करने, दलित-महादलित मुहल्ला में संपर्क सड़क का निर्माण करने,
आधार कार्ड सेंटर पर अवैध वसूली पर रोक लगाने सहित अन्य मांगों को लेकर, भाकपा माले नेता गंगा प्रसाद पासवान, समीम मंसुरी, पप्पू यादव, अमरजीत पाल एवं शिव प्रसाद गोपाल का आमरण अनशन, दुसरे दिन शनिवार 27 दिसम्बर को भी जारी रहा। अनशनकारियों के समर्थन में आज एक सभा का आयोजन जिला स्थाई समिति सदस्य महावीर पोद्दार की अध्यक्षता में आयोजित की गयी।
आयोजित इस सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले जिला सचिव प्रोफेसर उमेश कुमार ने कहा कि, नकारा और नफरती बिहार की डबल इंजन सरकार के पदाधिकारी भ्रष्टाचार और कमिशनखोरी में आकंठ डूबे हुए हैं। इस दौरान उन्होंने आह्वान किया कि, जब तक अनशनकारियों की मांगें पूरी नहीं की जाती है, आमरण अनशन जारी ही रहेगा।
वहीं अनशनकारियों को संबोधित करते हुए भाकपा माले नेता महावीर पोद्दार ने कहा कि, 12 हजार क्विंटल खाद्यान्न का आवंटन किया जाता है, और सैकड़ों क्विंटल खाद्यान्न की कालाबाजारी ठिकेदार भोला साह के द्वारा कर दी जाती है। मौके पर फ़ूलबाबू सिंह, ललन कुमार, तनंजय प्रकाश, अर्जुन दास, रामसगुण सिंह, छात्र नेता दीपक कुमार यदुवंशी, भीम सहनी, संजीत कुमार बुलबुल, हरिदर्शन, फूलपरी देवी, गुलशन आरा, रुबी कुमारी सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।







