मध्य पूर्व में युद्ध की स्थिति को लेकर एलपीजी आपूर्ति पर SDM सदर ने की बैठक, उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। मध्य पूर्व में युद्ध की स्थिति को देखते हुए द्रवित पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की आपूर्ति में संभावित बाधा को लेकर बुधवार 11 मार्च को अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) दिलीप कुमार की अध्यक्षता में सभी गैस एजेंसी संचालकों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि, उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, और गैस आपूर्ति की व्यवस्था सुचारू रूप से बनाए रखी जाए।

उन्होंने कहा कि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमितता बनाए रखते हुए उपभोक्ताओं की जरूरतों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। अनुमंडल पदाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि, वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक रूप से गैस का भंडारण न करें।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *