दुद्धी/सोनभद्र (उत्तर प्रदेश): प्रगति फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा दुद्धी में आयोजित, “वीर बिरसा मुंडा अंतर्राष्ट्रीय रक्तदाता सम्मान समारोह 2026” में, देशभर से आए समाजसेवियों और रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में समस्तीपुर मंडल से पहुंचे प्रतिनिधि संतोष कुमार निराला को भी अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित समाजसेवी लौंगी भुइयां, दुद्धी की पूर्व विधायिका श्रीमती रुबी प्रसाद तथा जगन्नाथ पुरी की सीबीआई अधिकारी डॉ. संजुक्ता चटर्जी आचार्य ने संयुक्त रूप से सम्मान प्रदान किया।
सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिनिधि संतोष कुमार निराला ने बताया कि, अस्वस्थ होने के बावजूद उन्हें पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत, मुगलसराय सहित अन्य कार्यों को पूरा करते हुए इस समारोह में शामिल होना पड़ा। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद इस तरह के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला, जो उनके लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “रक्तदान ही जीवनदान है” और समाज में अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए आगे आना चाहिए।
लौंगी भुइयां का प्रेरणादायक योगदान
इस मौके पर राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित लौंगी भुइयां के कार्यों की भी सराहना की गई। उन्होंने लगभग 30 वर्षों के अथक परिश्रम से अकेले 5 किलोमीटर लंबी नहर का निर्माण किया, जिससे तीन गांवों के करीब 3000 से अधिक लोगों को लाभ मिला। उनके इस अद्भुत कार्य के कारण उन्हें “बिहार का दूसरा दशरथ मांझी” भी कहा जाता है। वह बिहार के गया जिला के निवासी हैं।
कार्यक्रम के अंत में सम्मानित प्रतिनिधि संतोष कुमार निराला ने, प्रगति फाउंडेशन ट्रस्ट सहित बिहार के सभी समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे समस्तीपुर मंडल के रेल परिवार के लिए गर्व की बात है।
“रक्तदान, जीवनदान” का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।







