समस्तीपुर। जिले के जिलाधिकारी रौशन कुमार कुशवाहा ने बुधवार 29 अप्रैल को सदर अस्पताल समस्तीपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, दवा उपलब्धता तथा चिकित्सीय सेवाओं का जायजा लिया।

इस दौरान जिलाधिकारी श्री कुशवाहा ने सदर अस्पताल परिसर में नवनिर्मित मातृ एवं शिशु अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की संरचना, उपलब्ध संसाधनों, वार्डों की व्यवस्था, प्रसव कक्ष, नवजात शिशु देखभाल इकाई तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को और भी बेहतर बनाने, तथा अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से मातृ एवं शिशु अस्पताल को जल्द पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने को कहा, ताकि जिले के लोगों को बेहतर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन के अधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मी मौजूद रहे।







