समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना अंतर्गत सातनपुर पेठिया स्थित मकान में सो रहे, एक तंबाकू व्यवसायी के सिर पर लोहे के नुकीले हथियार से वार कर हत्या कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है।

घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को उस वक्त हुई, जब मृतक के परिवार वाले किसी काम से घटनास्थल पर पहुंचे। घटना रविवार 14 जून की देर रात करीब 12 बजे की बतायी जाती है। घटना की जानकारी मिलने के बाद दलसिंहसराय डीएसपी, अंचल निरीक्षक दलसिंहसराय पिंकी प्रसाद व उजियारपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच, शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज मामले की छानबीन में जूट गयी है।
मृतक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर गांव निवासी, 40 वर्षिय मदन साह के रूप में की गयी है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मदन साह तंबाकू एवं ओल (जिमीकंद) का कारोबार करते थे। कारोबार के लिए बनाए गए दुकान को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से विगत कुछ दिनों से विवाद होते आ रहा था। जिसके कारण मृतक को लगातार जान से मारने की धमकियां भी मिल रही थीं।
शनिवार 13 जून की रात भी करीब 9 बजे मृतक को जान से मारने की धमकी मिली थी। धमकी देने के एक दिन बाद ही रविवार की देर रात करीब 12 बजे के बाद मृतक के सिर में कोई नुकीला लोहे का बना हथियार घुसेड़कर उसकी हत्या कर दी गयी। वहीं इस हत्याकांड के बाद ईलाके में सनसनी फैली हुई है। मृतक की 75 वर्षिया मां शकुंतला देवी का बताना है कि, मृतक ही उनलोगों का एकमात्र सहारा था।
इस मामले में उजियारपुर पुलिस ने राजा साह नाम के एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी हुई है। स्थानीय सुत्रों का बताना है कि, हत्या का मुख्य कारण दुकान को लेकर महीनों पुर्व से चला आ रहा जमीनी विवाद हो सकता है। वही सूचना मिलते ही उजियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजा कुमार उर्फ राजा साह को सातनपुर चौक से पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाना ले गई है।
वहीं इस संबंध में दलसिंहसराय सर्किल इंस्पेक्टर पिंकी प्रसाद का बताना है कि, प्रथम दृष्टांत मामला हत्या का ही प्रतीत हो रहा है। हत्या का आरोप मृतक के पाटीदार पर ही मृतक के परिजन लगा रहे हैं। पुछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। परिजन के द्वारा अभी तक आवेदन नही मिला है। आवेदन मिलने के बाद विधी सम्मत कार्रवाई की जाएगी।







