समस्तीपुर। साईबर थाना समस्तीपुर की टीम ने ताजपुर स्थित कोल्ड स्टोरेज चौक के पास संचालित एक आधार सुविधा केंद्र पर छापेमारी कर फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने के मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मौके से 1 कॉंजेट मशीन, 1 आइरिस स्कैनर, 2 लैपटॉप, 1 ऑप्टिकल फिंगर स्कैनर, 2 मोबाइल फोन, 12 आधार सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इस दौरान साईबर थानाध्यक्ष सह एसडीपीओ दुर्गेश दीपक ने, फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने वाले एक युवक को गिरफ्तार भी किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के मोरबा गांव निवासी, मोहम्मद सोयैब के पुत्र मोहम्मद अफजल उर्फ राजा के रूप में की गयी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए साईबर थानाध्यक्ष सह एसडीपीओ दुर्गेश दीपक ने बताया कि, शनिवार 13 जून 2026 को उन्हें सुचना मिली थी कि, ताजपुर के कोल्ड स्टोरेज चौक के समीप, एक आधार सुविधा केंद्र में फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने का कार्य किया जा रहा है। सूचना सत्यापन के लिए तत्काल उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम जब उक्त केंद्र पर पहुंची तो, वहां मोहम्मद अफजल उर्फ राजा नाम का एक युवक लैपटॉप पर कार्य करता हुआ मिला। जब उक्त युवक से आधार कार्ड बनाने एवं अपडेट करने संबंधी पूछताछ किया तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। जिसके बाद उसे आवश्यक पूछताछ के लिए साइबर थाना समस्तीपुर लाया गया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में एक संदिग्ध वेबसाइट का लिंक मिला। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इसी वेबसाइट के माध्यम से, आधार कार्ड बनाने एवं अपडेट करने का कार्य किया करता था।
जिसके बाद उन्होंने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया तथा उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गए हैं। इस दौरान थानाध्यक्ष साईबर सह एसडीपीओ दुर्गेश दीपक ने यह भी बताया कि, मामले की गहन जांच की जा रही है, तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि, इस अवैध गतिविधि में और कितने और कौन-कौन से अन्य लोग भी शामिल हैं।







