ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या, सिर में मारी गईं तीन गोलियां

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। हसनपुर थाना क्षेत्र के केसौरा गांव में शनिवार की देर रात अज्ञात बदमाशों ने घर के दरवाजे पर सो रहे एक ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान केसौरा गांव निवासी, मोहम्मद गुलजार उर्फ शाहिन के रूप में की गयी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है, तथा मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार 19 सितम्बर की देर रात करीब तीन बजे, घर के दरवाजे पर सो रहे ग्रामीण चिकित्सक के सिर में तीन गोलियां मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।

सुबह बिछावन पर खून से लथपथ मिला शव

घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का बताना है कि, मोहम्मद गुलजार उर्फ शाहिन अपने गांव केसौरा सहित, आसपास के सीमावर्ती गांवों में ग्रामीण चिकित्सक के रूप में लोगों का इलाज किया करते थे। शुक्रवार की रात भी वह रोज की तरह खाना खाने के बाद अपने घर के दरवाजे पर सोने चले गए थे।

शनिवार की सुबह जब घर के लोग सोकर उठे, तो उन्होंने मोहम्मद गुलजार का शव बिछावन पर खून से लथपथ पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। घरवालों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुटने लगे। घटना की सूचना तत्काल हसनपुर थाना को दिया गया।

हसनपुर और सिंघिया पुलिस के साथ रोसड़ा एसडीपीओ पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही हसनपुर थाना एवं सिंघिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वहीं, रोसड़ा एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए मामले की जांच पड़ताल में जुट गए। इस दौरान मौके से दो खोखा भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने मृतक के सिर को निशाना बनाकर गोली मारी थी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ, हत्या के कारणों और वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान करने में भी जुटी हुई है।

डीआईयू और एफएसएल की टीम ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईयू (जिला आसूचना इकाई) और एफएसएल (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया की जा रही है।

इसके अतिरिक्त, मामले की जांच में मदद के लिए डॉग स्क्वायड टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया जा रहा है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है, ताकि हत्या की गुत्थी सुलझाई जा सके और अपराधियों तक पहुंचा जा सके।

पोस्टमार्टम के लिए शव भेजने की तैयारी

पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेजने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका था।

रोसड़ा एसडीपीओ ने बताया कि घर के दरवाजे पर सो रहे ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या की गई है। बदमाशों ने उनके सिर में तीन गोलियां मारी हैं। घटनास्थल पर डीआईयू और एफएसएल की टीम जांच कर रही है। डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया जा रहा है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *