
समस्तीपुर/उजियारपुर। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के समापन एवं सम्मान समारोह में उजियारपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार को अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में उजियारपुर प्रखंड में स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान के लिए बीडीओ संजीव कुमार को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान अधिकारियों ने स्वच्छता को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर जिले में स्वच्छता अभियान को निरंतर जारी रखने और जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया गया।








