नसीब लाल झा/समस्तीपुर: बंगरा थानाध्यक्षा मनिषा कुमारी ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, थाना क्षेत्र के कोठिया गांव से एक युवक को विदेशी शराब व हथियार के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हालांकि इस दौरान 4 अन्य युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। जिसकी गिरफ्तारी के लिए बंगरा पुलिस ताबड़तोड़ छापामारी करने में जुटी हुई है। गिरफ्तार युवक की पहचान बंगरा थाना क्षेत्र के कोठिया गांव निवासी, अशोक सिंह के 22 वर्षिय पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ गोलू के रूप में की गयी है।

गिरफ्तार युवक के पास से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल जैसा दिखने वाला खिलौना, तथा 18 बोतल विदेशी शराब भी बरामद किया गया है। इस संबंध में पुछे जाने पर बंगरा थानाध्यक्षा सुश्री मनिषा कुमारी ने बताया कि, थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक प्रिति कुमारी को गुप्त सुचना मिली थी कि, थाना क्षेत्र के कोठिया गांव स्थित वार्ड 06 में, स्थानीय युवक अभिषेक कुमार अपने घर के पिछे बथान में, शराब का पार्टी कर रहा है, तथा अवैध हथियार भी लहरा रहा है। सुचना मिलते ही प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक प्रिति कुमारी ने उन्हें सुचना दिया। जिसके बाद वह स्वयं भी सदल बल कोठिया गांव पहुंच गयी। जहां दुर से ही पुलिस गाड़ी को आता देख सभी युवक भागने लगे। जिसमें से एक युवक को पुलिस बल के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवक की जब तलाशी ली गयी तो, उसके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, व पिस्टल जैसा दिखने वाला एक खिलौना व बथान के पीछे बोरा में छिपाकर रखा गया 18 बोतल विदेशी शराब भी बरामद कर लिया गया। जिसके बाद गिरफ्तार युवक के विरूद्ध आर्म्स एक्ट व मद्यनिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अधीन प्राथमिकी दर्ज करते हुए, न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं इस दौरान मौके का फायदा उठाकर भागने वाले सभी बदमाशों की पहचान कर, उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी जारी है। छापामारी के दौरान मौके पर थानाध्यक्षा बंगरा सुश्री मनिषा कुमारी, प्रशिक्षू पुलिस अवर निरीक्षक प्रिति कुमारी, हवलदार कमलेश प्रसाद सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे।







