समस्तीपुर। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक किसान की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वार्ड संख्या-17 निवासी किसान सुधांशु कुमार उर्फ शर्मा जी के रूप में हुई है। वह पिछले तीन दिनों से लापता थे। बताया जा रहा है कि अज्ञात अपराधियों ने हत्या करने के बाद शव को खेत में गड्ढा खोदकर मिट्टी से दबा दिया था। बुधवार को ग्रामीणों को खेत में संदिग्ध स्थिति दिखी, जिसके बाद खुदाई करने पर शव बरामद हुआ। हालांकि शव का सिर अब तक नहीं मिला है।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। ग्रामीण राजेश सिंह ने बताया कि सुधांशु कुमार मंगलवार की रात से ही लापता थे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल पाया था। अब उनकी लाश खेत में दफन मिली है, लेकिन सिर गायब है।
इधर, परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि, घटना के पीछे ग्रामीण वर्चस्व की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। शव का सिर बरामद करने का प्रयास जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।







