समस्तीपुर। रमजान का पवित्र माह बरकत और रहमतों के साथ जारी है। इसी क्रम में शहर के धर्मपुर निवासी तथा जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष मो. रजीउल इस्लाम रिज्जू उर्फ बाबा की पुत्री और पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन की चार वर्षीय भतीजी इकरा इस्लाम ने अपनी जिंदगी का पहला रोजा रखा।

इकरा इस्लाम ने बताया कि वह अक्सर अपने परिवार के बड़े-बुजुर्गों को रोजा रखते और कुरान की तिलावत करते देखती थी। उन्हें देखकर उसके मन में भी रोजा रखने की इच्छा होती थी। रमजान के इस पवित्र महीने में मौका मिलने पर उसने रोजा रखने का संकल्प लिया।
बताया गया कि इकरा सुबह परिवार के सभी सदस्यों के साथ उठकर सहरी की और पूरे दिन रोजा रखा। इसके बाद नमाज अदा की और कुरान की तिलावत भी की। साथ ही देश में अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआ मांगी।
शाम को इफ्तार के समय चार वर्षीय बच्ची इकरा इस्लाम के चेहरे पर खुशी साफ नजर आ रही थी। उसने कहा कि वह आगे भी रोजा रखेगी और अल्लाह से अपने मुल्क में अमन-चैन, शांति और भाईचारे के लिए दुआ करती रहेगी।
परिवार के लोगों ने भी इकरा के पहले रोजे पर खुशी जताते हुए उसे दुआएं और आशीर्वाद दिया।







