???? बिग ब्रेकिंग: हथियारबंद बदमाशों ने लाखों रूपए मूल्य का मसाला लदी पिकअप लूटा, घटनास्थल स्पष्ट नही होने के कारण दो थानों के बीच दौड़ लगा रहा पिड़ित, 12 घंटा से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी नही हो सकी है प्राथमिकी दर्ज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अरविन्द कुमार/अमित कुमार:[समस्तीपुर] जिले के एसएच 88 से लाखों रूपए मूल्य का मसाला लेकर गुजर रहे पिकअप को, चारपहिया वाहन सवार अज्ञात बदमाशों ने वरूणा रसलपुर दलसिंहसराय पथ पर उजियारपुर व सरायरंजन थाना क्षेत्र के बीच हथियार का भय दिखाकर लूट लिया, तथा आराम से भाग निकले।

उक्त घटना बुधवार 21 अगस्त की रात की बतायी जा रही है। लूटी गयी मसाला लोड पिकअप हाजीपुर से चलकर मुंगेर जा रही थी। जहां चलने के साथ ही सीमावर्ती जिला में यह घटना हो गयी। घटना के बाद पिकअप चालक ने इसकी सुचना आसपास के गांव वालों को दिया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इस घटना की सुचना नजदीकी थाना उजियारपुर को देने के लिए कहा।

जहां उजियारपुर थाना पहुंचकर पिड़ित ने घटना की सुचना उजियारपुर थाना को दिया। सुचना के बाद घटनास्थल का सत्यापन करने पहुंची उजियारपुर थाने की पुलिस घटना का सरायरंजन थाना क्षेत्र में होना बता रही है, तो सरायरंजन पुलिस घटनास्थल को उजियारपुर थाना क्षेत्र में होना बता रही है।

दोनों थाना के बीच फंसे सीमा विवाद को लेकर घटना के 12 घंटा बीत जाने के बाद भी इस लूट मामले में प्राथमिकी तक दर्ज नही की जा सकी थी। वहीं घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिड़ित पिकअप चालक हाजीपुर से राकेश मसाला कम्पनी का मसाला लेकर मुंगेर के लिए चला था।

जहां एसएच-88 में प्रवेश करते ही एक स्कॉर्पियो पर सवार 5 से 6 की संख्या में बदमाशों ने, पिकअप का पीछा करना शुरू कर दिया। अभी वह कुछ समझ पाता इससे पहले ही बदमाशों ने मसाला लोड पिकअप को ओवरटेक करके रोक लिया, तथा पिकअप चालक को बाहर निकालकर, स्कॉर्पियो में बिठा लिया और पिकअप पर बदमाशों ने अपने दो साथी को बिठा दिया, जो पिकअप लेकर दलसिंहसराय की ओर भाग गया।

वहीं बदमाशों ने पिकअप चालक को घटना स्थल से कुछ दूर आगे ले जाकर छोड़ दिया। इसके बाद पिकअप चालक स्थानीय लोगो से पूछताछ कर, इसकी सुचना नजदीकी थाना उजियारपुर को दिया। वहीं इस मामले में उजियारपुर पुलिस का बताना है कि, घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र में हुआ है।

हालांकि घटनास्थल को लेकर अभी भी सरायरंजन व उजियारपुर पुलिस के बीच खींचातानी जारी है। हालांकि दोनों थाने की पुलिस अपने अपने स्तर से वास्तविक घटनास्थल का पता लगाने में जुटी हुई है। इसी बीच सुत्रों का बताना है कि, पिकअप लूट की घटना घटहो थाना क्षेत्र में हुई है। रात के अंधेरे में पिकअप चालक को वास्तविक घटनास्थल वाली स्थान का भान नही हो पा रहा है।

वहीं इस संबंध में पुछे जाने पर घटहो थानाध्यक्ष सुलेखा मिश्रा का बताना है कि, उनके थाना क्षेत्र में लूट की कोई घटना नही हुई है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि, घटनास्थल का सही-सही मूल्यांकन कौन और कब तक करता है, और प्राथमिकी कब तक दर्ज हो पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *