समस्तीपुर/सिंघिया: दरभंगा पुलिस से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर सिंघिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 5 किलोग्राम गांजा, 11 लाख 54 हजार 450 रुपये नगद व 07 लीटर विदेशी शराब तथा आधा दर्जन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 की रात दरभंगा पुलिस द्वारा साझा की गई सूचना के आधार पर सिंघिया थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। इस टीम में दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी सिंघिया भी शामिल थे।
पुलिस टीम ने दरभंगा पुलिस के सहयोग से सिंघिया थाना क्षेत्र के लगमा गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिंघिया थाना क्षेत्र के लगमा गांव निवासी, त्रिभुवन सिंह के पुत्र प्रीतम कुमार, रविंद्र सिंह के पुत्र राजू कुमार सिंह तथा स्वर्गीय सुबेदार सिंह के पुत्र रविंद्र सिंह के रूप में की गयी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर इनके घर और दुकान से करीब 5.09 किलोग्राम सूखा गांजा, 7 लीटर विदेशी शराब, 11,54,450 रुपये नगद और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में दरभंगा और सिंघिया थाना की संयुक्त टीम शामिल रही।
जिसमें थानाध्यक्ष केतन आनंद, पु०नि० मनोज कुमार, बिरौल थानाध्यक्ष चन्द्रमणी, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी अमृत कुमार साह, श्याम कुमार मेहता, एडिसन कुमार, अजय कुमार, मनोज कुमार और शैलेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।







