समस्तीपुर। जिले के सरायरंजन थाना अंतर्गत गंगसारा गांव के पास, शुक्रवार 01 मई की देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में, बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सड़क हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग अपने अपने घरों से बाहर निकले तथा इसकी सुचना सरायरंजन पुलिस को दिया। सुचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा सड़क हादसे के शिकार तीनों युवक को लेकर सदर अस्पताल समस्तीपुर पहुंची। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने दो युवक को मृत घोषित कर दिया, तथा गंभीर रूप से घायल एक अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर ईलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया।
मृतकों की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बुलाकीपुर गांव वार्ड संख्या-11 निवासी, कमल महतो के 25 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार तथा राम प्रसाद महतो के 22 वर्षीय पुत्र विपिन कुमार के रूप में की गई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय विजेन्द्र कुमार के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि, शुक्रवार 01 मई की रात दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बुलाकीपुर गांव से एक बारात जंदाहा जा रही थी। इसी दौरान रात करीब 11 बजे सरायरंजन थाना क्षेत्र के गंगसारा गांव के समीप, बाइक सवार युवक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाईक के परखच्चे उड़ गए, तथा इस हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया।
इधर सूचना मिलते ही सरायरंजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और मामले की जांच में जुट गई है। इधर इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है, तथा मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।








