समस्तीपुर। जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिले की स्थिति ऐसी होती जा रही है, मानो यह कोई बॉर्डर इलाका हो, जहां प्रत्येक कुछ घंटों पर गोलीबारी और अपराध की घटनाएं सामने आती रहती हो! लूट, हत्या, डकैती, छिनतई और फायरिंग की घटनाएं अब जिलावासियों के दिनचर्या का हिस्सा बनता जा रहा हैं। शायद ही कोई दिन ऐसा गुजरता हो! जब जिले के किसी थाना क्षेत्र से गोलीबारी की खबरें सामने नहीं आती हो। आलम ऐसा है कि, जिला में एक दिन में 8-10 घंटों के अंदर आधा दर्जन तक आपराधिक घटनाएं हो जाती है, और समस्तीपुर पुलिस आराम से चैन की नींद सोते रहती है।
ताजा मामला पुसा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां पूजा कर लौट रहे एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल गोली लगने से घायल युवक को ईलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को बेहतर ईलाज के लिए दरभंगा डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान पुसा थाना क्षेत्र के खैरी गांव निवासी, संजीत दास के 19 वर्षिय पुत्र सोनु कुमार के रूप में की गयी है। घटना गुरूवार 30 अप्रैल की देर शाम करीब 7 बजे की बतायी जा रही है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक सोनू कुमार के पट्टीदार के युवक की शादी गुरुवार 30 अप्रैल को होनी थी। जिसके लिए गांव के ही ब्रह्म काली स्थान में पूजा करने घर के सभी लोग गए हुए थे। जिसमें घायल युवक सोनू कुमार भी शामिल हुआ था। जहां से पूजा करके लौटने के दौरान ब्रह्म स्थान के पास ही बदमाशों ने सोनू कुमार को गोली मार दी, और आराम से भाग निकले।
गोली लगते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल सोनु कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर पहुंचाया। घायल युवक ने बताया कि गोली लगने के कुछ देर बाद उसे एहसास हुआ कि उसे गोली मार दी गई है। उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। घायल के परिजन का आरोप है कि घटना के घंटों बाद तक पुसा थाना की पुलिस या डीएसपी सदर अस्पताल नहीं पहुंचे थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि, जिले में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है, और पुलिस अपराध पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। लोगों ने प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।








