समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत अंगारघाट थाना क्षेत्र के अंगारघाट चौक स्थित, एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान से अज्ञात चोरों के द्वारा लाखों रूपए मूल्य के ईलेक्ट्रॉनिक सामानों की चोरी कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना सोमवार 26 मई की देर रात की बतायी जा रही है।

इस दौरान चोरों ने उक्त ईलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से करीब 55 एंड्रॉयड मोबाईल फोन, 06 लैपटॉप, 02 कुलर सहित करीब 15 हजार रूपए नकदी भी चोरी कर लेते चले गए। उधर घटना की जानकारी मिलते ही अंगारघाट थाने की पुलिस, घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गयी है।
वहीं इस चोरी की घटना के संबंध में मां भवानी नामक ईलेक्ट्रॉनिक्स दुकान के मालिक का बताना है कि, अन्य दिनों की तरह सोमवार 26 मई की देर शाम को वह अपनी दुकान बंद कर रूम चले गए। मंगलवार 27 मई की सुबह उन्हें सुचना मिली कि, उनके दुकान में चोरी हो गयी है।
जानकारी मिलने के बाद जब वह दुकान पर पहुंचे तो देखा कि, उनके दुकान का शटर टूटा हुआ है, तथा उनके दुकान से सभी कीमती मोबाईल, लैपटॉप सहित अन्य ईलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण गायब है। जिसके बाद इसकी सुचना अंगारघाट पुलिस को दी गयी है।
अंगारघाट पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुटी हुई है। मोबाईल दुकानदार ने आशंका जाहिर किया है कि, चोरों ने पहले कम्प्लेक्स के पीछे के ग्रील का ताला किसी तरह तोड़ा होगा फिर उनके दुकान के शटर को तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
वहीं इस बाबत पुछे जाने पर थानाध्यक्ष दिव्यज्योति ने बताया कि, मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। फोरेंसिक की टीम को जांच के लिया बुलाया जा रहा है। चोरों के संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। घटना में शामिल सभी चोरों को बहूत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







