समस्तीपुर। उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र के पतैली पुर्वी पंचायत स्थित मतदान केंद्र संख्या- 91 प्राथमिक विद्यालय पाठक टोल पर मतदान करने के लिए पहुंची करीब आधा दर्जन महिलाएं उस समय नाराज व आक्रोशित हो गयी जब उन्हें इस बात की जानकारी हुई कि, उन सभी महिलाओं के नाम मतदाता सुची से गायब है।

मतदाता सुची से नाम गायब होने की जानकारी मिलते ही सभी महिलाएं हंगामा भी करने लगी। हालांकि स्थानीय प्रबुद्ध लोगों के समझाने पर सभी महिलाएं शांत हुई और, बगैर मतदान किए वापस अपने घर को चली गयी।
सुचना मिलने के बाद जब मौके पर बिहार की आवाज न्यूज पोर्टल की टीम पहुंची और उक्त सभी महिलाओं से बारी बारी से पुछताछ किया तो, मतदान करने से वंचित पतैली पुर्वी गांव की महिलाओं में शामिल आरती कुमारी, ललिता देवी, सुनीता देवी, सविता देवी आदि ने बताया कि, आज से पहले वहलोग सभी प्रकार के चुनाव में वह इसी मतदान केंद्र पर आकर वोट देती थी, लेकिन इस बार जब वह लोग मतदान केंद्र पर पहुंचे हैं तो, उनलोगों का मतदाता सूची से नाम ही गायब है।
इस दौरान महिलाओं ने यह भी बताया कि बीएलओ के द्वारा पिछले दिनों किए गए सर्वेक्षण के समय उनलोगों ने कागजात भी जमा करा दिया था। इसके बावजूद उनलोगों का नाम मतदाता सुची से गायब कर दिया गया। वहीं इस संबंध में कांग्रेस नेता मुकेश कुमार चौधरी का बताना है कि, जिस वोट चोरी की आशंका उनके नेता राहूल गांधी ने जाहिर किया था।
वह आशंका आज उनके गांव पतैली में सच होता दिख रहा है। SIR के नाम पर पतैली गांव के दर्जनों लोगों के नाम मतदाता सुची से गायब कर दिया गया है।
वहीं इस संबंध में पुछे जाने पर अंचलाधिकारी उजियारपुर आकाश कुमार ने बताया कि, जिन लोगों के नाम मतदाता सुची से गायब है, उनलोगों ने सर्वेक्षण के समय उचित दस्तावेज बीएलओ को उपलब्ध नही कराया होगा। अगर बीएलओ को दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद भी उन महिलाओं के नाम मतदाता सुची से गायब है तो, संबंधित बीएलओ पर उचित कार्रवाई की जाएगी।







