बिहार की आवाज। संवाददाता। समस्तीपुर। जिला के विभिन्न सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक युवक-युवती घर से भागकर शादी करने की बात स्वीकार करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में युवती खुद को बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर गांव की निवासी बता रही है। वहीं युवक की पहचान समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के उजियारपुर भटिंडी टोला निवासी कैलाश सिंह के पुत्र पंकज कुमार के रूप में बताई जा रही है।
वीडियो में युवती, जिसकी पहचान पूजा कुमारी बताई जा रही है, दावा कर रही है कि उसने अपनी मर्जी से घर से भागकर शादी की है, और इस मामले में युवक की कोई गलती नहीं है। युवती यह भी कहती दिख रही है कि, यदि युवक या उसके परिवार के किसी सदस्य को कोई नुकसान पहुंचता है, तो इसके लिए उसके माता -पिता जिम्मेदार होंगे।
वहीं सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के अनुसार, इस मामले को लेकर साहेबपुर कमाल थाना में युवक पंकज कुमार और उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस की ओर से इससे संबंधित आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।
बताया जाता है कि, पंकज कुमार युवती के घर के पास शहद उत्पादन के लिए, मधुमक्खी की पेटी लगाने का काम करता था। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम-संबंध हुआ और बाद में दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि हम इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करते हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







