रामरूप राय/समस्तीपुर: जिला के नरघोघी में रविवार 21 जनवरी को, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने संयुक्त रूप से सरायरंजन प्रखंड के नरघोघी में श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज एण्ड अस्पताल का विधिवत उदघाटन किया। इस उद्घाटन समारोह के उपरांत मुख्यमंत्री ने, मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों एवं आम लोगों से इस मेडिकल कॉलेज एण्ड अस्पताल में इलाज करने की अपील भी किया।

इस दौरान उन्होंने खुले मंच से यह भी कहा कि, यह तो शुरुआत मात्र है, अभी तो और भी बहुत कुछ देना बांकी है। आपको बता दें कि समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत नरघोघी गांव में, राज्य का 12वां मेडिकल कॉलेज एण्ड अस्पताल बनाया गया है। सरायरंजन के नरघोघी गांव में 21 एकड़ में बने इस श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज एण्ड अस्पताल का, शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 6 नवंबर 2019 को किया था। नवनिर्मित इस मेडिकल कॉलेज एण्ड अस्पताल को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। 500 बेड वाले इस मेडिकल कॉलेज में, 100 छात्र-छात्राओं के लिए एमबीबीएस की पढ़ाई की व्यवस्था भी है। इसके साथ ही यहां मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए अलग अलग छात्रावास, चिकित्सक व कर्मियों के लिये आवास की व्यवस्था भी की गई है।

इसके अलावे ओपीडी, आइसीयू, लेबर रूम, ब्लड बैंक, अल्ट्रासाउंड जांच सेंटर, एक्स-रे जांच एवं पैथोलॉजी जांच आदि की भी व्यवस्था शुरू की गई है। इसके साथ ही अस्पताल में अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर भी बनाया गया है। इस दौरान सीएम नितिश कुमार ने यह भी बताया कि, उद्घाटन के साथ ही इस अस्पताल के कई विभाग भी काम करने लगेंगे। जिसमें ओपीडी के साथ साथ जनरल चिकित्सा विभाग, शल्य चिकित्सा विभाग, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, नेत्र विभाग, शिशु रोग विभाग आदि का नाम शामिल है। जिसको लेकर श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज एण्ड अस्पताल में 23 डॉक्टर, 24 मेडिकल कर्मी, 22 जीएनएम व 20 परिचारिका की नियुक्ति की गयी है. उधर, मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उदघाटन को लेकर नरघोघी में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

पूरे नरघोघी को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। जगह-जगह दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की नियुक्ति भी कर दी गयी है। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के चप्पे चप्पे पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ती की गयी थी। इस मौके पर दरभंगा डीआईजी बाबूराम व समस्तीपुर एसपी विनय तिवारी स्वंय सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले नजर आ रहे थे। मौके पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, वित्त मंत्री सह स्थानीय विधायक विजय कुमार चौधरी, राज्य सभा सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय महासचिव रामनाथ ठाकुर, विभूतिपुर विधायक अजय कुमार, समस्तीपुर विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन सहित कई वरीय अधिकारी व पार्टी के नेता मौजूद थे।







